New Delhi News: महाराष्ट्र में सागरमाला के तहत 31 परियोजनाएं, 20 पर काम पूरा

महाराष्ट्र में सागरमाला के तहत 31 परियोजनाएं, 20 पर काम पूरा
  • शेष 11 परियोजनाओं पर चल रहा काम
  • 333.03 करोड़ रुपए की राशि जारी

New Delhi News महाराष्ट्र में सागरमाला परियोजना के तहत 31 परियोजनाएं हैं, जिनमें से 20 परियोजनाएं पूरी कर ली गई हैं और 11 पर काम चल रहा है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को लोकसभा में एनसीपी (अजित गुट) सांसद सुनील तटकरे के पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।

सोनोवाल ने बताया कि 20 परियोजनाएं पूरी हो गई हैं, जिनकी लागत 982.42 करोड़ रुपए थी, जिसमें पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय का शेयर 395.85 करोड़ रुपए था जिसमें से 395.19 करोड़ की निधि जारी की गई है। उन्होंने आगे बताया कि जिन शेष 11 परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिसकी लागत 931.70 करोड़ है। इसमें मंत्रालय का हिस्सा 405.76 करोड़ रुपए है जिसमें से 333.03 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी गई है।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र में 18 रोल ऑन/रोल ऑफ (रो-रो) परियोजनाएं सागरमाला योजना के माध्यम से आंशिक रूप से वित्त पोषित हैं। महाराष्ट्र में रो-रो नौका परियोजनाओं से जनजातीय और दूरदराज के आंतरिक क्षेत्रों से संपर्कता में पर्याप्त सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सागरमाला योजना के अंतर्गत वित्तपोषित परियोजनाएं मुख्य रूप से मुंबई पत्तन प्राधिकरण द्वारा निष्पादित की जाती हैं और महाराष्ट्र समुद्री बोर्ड ने 2,600 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित किए हैं।


Created On :   25 July 2025 6:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story