News Delhi News: वक्फ संपत्तियों की अब हो सकेगी रियल टाइम अपलोडिंग और निगरानी

वक्फ संपत्तियों की अब हो सकेगी रियल टाइम अपलोडिंग और निगरानी
  • किरेन रिजिजू ने उम्मीद सेंट्रल पोर्टल का किया शुभारंभ
  • महिलाओं और बच्चों को भी मदद मिलेगी

News Delhi News वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और पंजीकरण में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को ‘उम्मीद’ केन्द्रीय पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि उम्मीद पोर्टल भारत में वक्फ संपत्ति प्रबंधन एवं संचालन के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पारदर्शिता आएगी, बल्कि आम मुसलमानों विशेषकर महिलाओं और बच्चों को भी मदद मिलेगी।

उम्मीद (सेंट्रल पोर्टल यूनिफाईड वक्फ मैनेजमेंट, एंपावरमेंट, एफिशियंसी एंड डेवलपमेंट) पोर्टल को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने विकसित किया है। इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए रिजिजू ने कहा कि उम्मीद सेंट्रल पोर्टल महज एक तकनीकी उन्नयन से कहीं अधिक है। यह अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की रक्षा करने और समुदाय के स्वामित्व वाली वक्फ संपत्तियों का उन गरीब मुसलमानों के लिए प्रभावी और निष्पक्ष उपयोग सुनिश्चित करने की सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिनके लिए वक्फ संपत्ति को मूल रूप से बनाया गया था।

यह पोर्टल वक्फ संपत्तियों की वास्तविक समय पर अपलोडिंग, सत्यापन और निगरानी के लिए एक केन्द्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा। इससे देश भर में वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में अधिक पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी से व्यापक बदलाव आने की उम्मीद है।

Created On :   6 Jun 2025 6:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story