- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- फसल बेचकर घर लौट रहे किसान से 1.11...
फसल बेचकर घर लौट रहे किसान से 1.11 लाख रुपए की लूट

डिजिटल डेस्क जबलपुर । बरेला थाने की गौर चौकी के अंतर्गत देवरी और छतरपुर गांव के बीच कृषि उपज मंडी से फसल बेचकर लौट रहे किसान से दो बदमाशों ने 1 लाख 11 हजार 474 रुपए लूट लिए। लूट के बाद आरोपी बाइक से सिलुआ की तरफ भाग गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि ग्राम खापा ग्वारी बरगी निवासी 35 वर्षीय राजेन्द्र पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गुरुवार दोपहर पिकअप गाड़ी से बटरी, मसूर, राई और अलसी की फसल बेचने आया था। उसका भांजा राजेश पटेल भी बाइक से आया था। कृषि उपज मंडी में फसल बेचने के बाद दोनों आंध्रा बैंक गए। बैंक से उसने 35 हजार रुपए निकाले। उसने 1 लाख 11 हजार 474 रुपए पेन्ट की जेब में रखे। बैंक पासबुक, आधार कार्ड, बिल और फोटो उसने आसमानी रंग के थैले में रखकर बाइक की डिक्की में रख दिए। रात 8.30 बजे दोनों बाइक से घर के लिए रवाना हुए।
पेट्रोल के बहाने रोका -रात 9.30 बजे दोनों बाइक से देवरी से छतरपुर के बीच पहुंचे। एक नकाबपोश युवक ने हाथ देकर बाइक को रोकने का इशारा किया। राजेश पटेल ने बाइक रोक दी। उस युवक ने कहा कि पेट्रोल चाहिए। राजेश ने उस युवक से कहा कि चलो आगे गांव से पेट्रोल दिलवा देता हूं। इसके बाद राजेश ने बाइक आगे बढ़ा दी। बाइक आगे बढ़ते ही युवक पीछे से बाइक में लदे बोरे खींचने लगा। इससे उसकी बाइक गिर गई।
खेत में पकड़कर ले गया लुटेरा - बाइक गिरते ही युवक राजेन्द्र पटेल को पकड़कर खेत की तरफ ले जाने लगा। राजेन्द्र के भांजे राजेश ने बचाने का प्रयास किया तो एक युवक ने लाठी से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे राजेश जान बचाकर खेत की तरफ भागा। इसके बाद युवक ने राजेन्द्र को पकड़कर खेत की तरफ खींचना शुरू किया। खेत में ले जाकर युवक ने राजेन्द्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसके पास रखे 1 लाख 11 हजार 474 रुपए छीन लिए। लूट करने के बाद दोनों युवक बाइक से सिलुआ की तरफ भाग गए।
आसपास के गांव में तलाश - अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके ने बताया कि आसपास के गांव में लुटेरों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों से संदिग्ध युवकों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुराने बदमाशों की भी जानकारी ली जा रही है।पी-3
Created On :   2 Dec 2017 12:59 PM IST