30 लाख भक्तों ने मंदाकिनी नदी में किया दीपदान

30 lakh devotees donated lamps in Mandakini river
30 लाख भक्तों ने मंदाकिनी नदी में किया दीपदान
-चित्रकूट में पारंपरिक नृत्य में झूमते नजर आए श्रद्धालु 30 लाख भक्तों ने मंदाकिनी नदी में किया दीपदान

 डिजिटल डेस्क सतना। धर्मनगरी चित्रकूट में 5 दिन के अंदर तकरीबन 30 लाख श्रद्धालुओं ने चित्रकूट पहुंच कर दीपदान किए। इससे पहले श्रद्धालुओं ने मां मंदाकिनी में डुबकी लगाई। मद्गजेन्द्र महाराज के जलाभिषेक के बाद श्रीकामद गिरी की प्रदक्षिणा की और फिर दीपदान किया। सरकारी सूत्रों ने बताया कि 4 नवंबर को दिवाली की रात चित्रकूट के मंदाकिनी तट पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। एक साथ लगभग 5 लाख भक्तों ने दीपदान किए। इसी के साथ ही धनतेरस से प्रारंभ यह दीपपर्व परीवा के दिन समाप्त हो गया। शुक्रवार को लगभग साढ़े 4 लाख श्रद्धालु चित्रकूट में थे।  प्रशासनिक अनुमान था कि विगत वर्ष कोविड प्रकोप के कारण अबकि लगभग 40 लाख से ज्यादा श्रद्धालु चित्रकूट पहुंच सकते हैं।  
 दिवारी नृत्य ने गहरी छाप छोड़ी-
पंच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान चित्रकूट में  बुंदेलखंड के परंपरागत दिवारी नृत्य की धूम रही। विविध सांस्कृतिक रंगों के साथ कभी लटठमार तो कभी मयूरी नृत्य करती टोलियों के पैरों पर घुंघरु भी थे। ढोलक की थप पर थिरकते पांव दर्शकों का मनमोह लेते थे। लाल लिबास में मौनियों की टोलियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
 सवा लाख में गया सलमान -
चित्रकूट के गधों के मेले में इस बार भी मुंबइया सुपर स्टार के नामवाले गधों के जमकर भाव लगे। शाहरुख की कीमत सिर्फ 75 हजार लगी जबकि देखते ही देखते सलमान सवा लाख में बिक गया। मेले का यह सबसे महंगा गधा था।   सनी देवल, अजय देवगन और रणवीर सिंह नाम के गधे भी इस मेले में शामिल थे। मगर, इन्हें मनमुताबिक मोल नहीं मिला। चित्रकूट में मंदाकिनी के तट पर जिले के नयागांव अंतर्गत दीपोत्सव में हर वर्ष लगने वाले इस तीन दिवसीय गधा मेला में यूपी-एमपी के व्यापारी बड़ी संख्या में पहुंचे। उल्लेखनीय है, मुगल शासक औरंगजेब ने इस मेले की शुरुआत कराई थी।
 

Created On :   6 Nov 2021 4:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story