- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 4.36 लाख वोटर 20 से 29 साल की उम्र...
4.36 लाख वोटर 20 से 29 साल की उम्र के, 34 हजार पहली बार चुनेंगे सरकार

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। वर्तमान समय में युवाओं की सबसे ज्यादा जनसंख्या के साथ भारत को "यंग इंडिया" की भी संज्ञा दी जाती है। ऐसे में देश-प्रदेश की सरकारों को चुनने में भी युवा शक्ति की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। इसी कड़ी में इस वर्ष के अंतिम में होने जा रहे विधानसभा चुनावों में जिले के आठ विधायकों को चुनने के लिए कुद मतदाताओं में से 24 प्रतिशत ऐसे वोटर हैं जो 20 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के हैं। वहीं कुल वोटरों में से दो प्रतिशत मतदाता ऐसे भी हैं, जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने जा रहे हैं।
पता चला है कि जिले की आठों विधान सभा क्षेत्रों में कुल 17 लाख 60 हजार मतदाता हैं। इनमें से 4 लाख 36 हजार ऐसे मतदाता हैं जो, 20 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के हैं। इसी प्रकार कुल 33 हजार 927 ऐसे वोटर हैं, जो 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग से आते हैं और पहली बार इन चुनावों में वोट देंगे।
दरअसल, आज मंगलवार को निर्वाचक नामावली के प्रारुप का प्रकाशन किया जाएगा। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिनों चले डोर-टू-डोर सर्व के बाद जिले में मतदाताओं की संख्या के आंकड़े जो सामने आ रहे हैं। उसके तहत करीब 9 लाख 14 हजार पुरुष, 8 लाख 46 हजार महिला व 69 वोटर थर्ड जेण्डर श्रेणी के हैं। हालांकि, यह अंतिम आंकड़े नहीं हैं, क्योंकि प्रारुप प्रकाशन के बाद दावे आपत्ति बुलवाए जाएंगे और उसके बाद नाम काटने व जोड़ने की प्रक्रिया जारी रहेगी। इस बीच आज जिस सूची का प्रकाशन होने जा रहा है, उसमें करीब 72 हजार नाम काटे गए हैं तथा करीब 1 लाख 1 हजार नए नाम जोड़े गए हैं।
कुछ ऐसी है मतदाताओं की संख्या
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल आठों विधान सभाओं में मतदाताओं की संख्या कुछ ऐसी है कि पाटन में 2 लाख 38 हजार, बरगी में 2 लाख 18 हजार, पूर्व में 2 लाख 27 हजार, उत्तर मध्य में 2 लाख 7 हजार, केंट में 1 लाख 86 हजार, पश्चिम में 2 लाख 30 हजार, पनागर में 2 लाख 39 हजार तथा सिहोरा में 2 लाख 11 हजार वोटरों के नाम मतदाता सूची में शामिल हैं। बताया जाता है कि वोटरों का लिंगानुपात 925 है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के निर्देशानुसार द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2018 के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन मंगलवार को जिला निर्वाचन कार्यालय और जिले की विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय में किया जाएगा। निर्वाचक नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत की जाने वाली कार्यवाहियों से अवगत कराने आज सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन भी किया गया है। यह बैठक शाम 5 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में होगी।
जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक निर्वाचक नामावली के प्रारूप प्रकाशन पर 21 अगस्त तक दावे आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। प्राप्त दावे आपत्तियों का निराकरण 20 सितंबर तक किया जाएगा। 26 सितंबर से पूर्व मतदाता सूची के डाटाबेस को अपडेट किया जाएगा एवं पूरक सूची का प्रकाशन होगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 27 सितंबर को होगा।
Created On :   31 July 2018 2:26 PM IST