कड़ी सुरक्षा के बीच उपचुनाव में 69 फीसदी मतदान

69 percent voter turnout in by-elections amid tight security
कड़ी सुरक्षा के बीच उपचुनाव में 69 फीसदी मतदान
-रैगांव में विधान सभा उपचुनाव युवा और महिलाओं में दिखा उत्साह कड़ी सुरक्षा के बीच उपचुनाव में 69 फीसदी मतदान


डिजिटल डेस्क सतना। अजा के लिए रिजर्व जिले की इकलौती रैगांव विधानसभा सीट के लिए शनिवार को 69.01 प्रतिशत शांतिपूर्ण मतदान हुआ। कोविड प्रोटोकॉल के तहत सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच 69.27 फीसदी पुरुष और 68.72 महिलाओं ने वोट डाले। पुरुषों की तुलना महज आधा प्रतिशत कम महिलाओं ने वोट दिए।  जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि मतदान का यह औसत प्रतिशत(अनंतिम आंकड़ा ) है। मतदान की वास्तविक स्थिति पीठासीन अफसरों के मतलेखा पत्र की गणना के बाद सामने आएगी।  मतदान के प्रतिशत में आंशिक वृद्धि संभव है। मताधिकार के उपयोग में पुरुषों के मुकाबले महिलाएं,दिव्यांग और नव मतदाता भी पीछे नहीं रहे।  
 फैक्ट फाइल-
 वोटिंग में शामिल मतदाता
 कुल : 1 लाख 42 हजार 794
 प़ुरुष : 76 हजार 22
महिला : 66 हजार 772
सुबह साढ़े एक साथ मॉकपोल-
इससे पहले रैगांव विधानसभा क्षेत्र के सभी 313 मतदान केंद्रों में एक साथ सुबह साढ़े 5 बजे मॉकपोल किया गया। प्रात: 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। यह सिलसिला शाम 6 बजे तक चला। मतदान कराने के बाद लालपुर और मौहारी गईं पोलिंग पार्टी सबसे पहले लौटी। मतदान दलों के जिला मुख्यालय लौटने का सिलसिला मध्यरात्रि तक चला।
 4 घंटे बाद आई मतदान में तेजी-
 (प्रतिशत में)
 सुबह 9 बजे तक : 13.74  
 सुबह  11 बजे तक : 33.20  
 दोपहर 1 बजे तक : 44.52  
 दोपहर 3 बजे तक :55.86
 शाम 5 बजे तक : 66.66
 शाम 6 बजे तक : 69.21   
 5 मतदान केंद्रों में वोटिंग में आया गतिरोध -
 मतदान के दौरान 5 मतदान केंद्रों में ईवीएम या फिर वीवीपैट के दगा दे जाने पर  वोटिंग प्रक्रिया में 15 से 30 मिनट का गतिरोध आया।  पतारी टोला में बीयू-सीयू और वीवीपैट का पूरा सेट बदला गया। जबकि घोरहटी, कोठी, रनेही, नचनौरा में वीवीपैट बदले गए। इससे पहले मॉकपोल के दौरान  शिवराजपुर और टीकर में जहां ईवीएम और वीवीपैट बदले गए,वहीं  मौदहा खुर्द में बीयू के दोनों सेट, कोठी और भैंसवार में सीयू और बडख़ेरा,शेरगंज ,पतारी टोला, नचनौरा, इटमा और खमरिहा में वीवीपैट बदलने पड़ गए।   
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष को सेंट्रल जेल भेजा-
कोठी पुलिस ने भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अत्तू खान निवासी नजीराबाद (सतना) को धारा- 151 के तहत सेंट्रल जेल भेज दिया है। सुसुवार गांव में एक निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में वोट प्रभावित करने के आरोप में अत्तू के खिलाफ पुलिस ने  आईपीसी की धारा- 188 और  लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा-126 के तहत कायमी की है। उधर, नोट नहीं तो वोट नहीं का नारा देकर चुनाव का बहिष्कार करने वाले मतदाताओं ने उनके साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। यहां आजाक थाने में  ललिता चौधरी ने इस आशय की शिकायत की है। आरोप है कि सुबह 11 बजे घर में घुसकर आरोपियों ने पूरे परिवार की पिटाई की। थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  
13 पोलिंग एजेंटों के मोबाइल जब्त-
सतना। मतदान केंद्रों में मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध के बाद भी मोबाइल का उपयोग पकड़ में आने पर 13 पोलिंग एजेंटों के मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं। उल्लेखनीय है, चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों से 100 मीटर की परिधि के बाहर ही मोबाइल के उपयोग की अनुमति दी थी।  
वोटर ढोने पर स्कार्पियो और इनोवा जब्त-
प्रतिबंध के बाद भी मतदाताओं को  ढोने के दौरान पकड़ में आए दो वाहन स्कॉर्पियो नंबर एमपी-19 डीए-0115 और इनोवा एमपी-17 बीए-0792 को जब्त कर लिया गया है। परिवहन कार्यालय में स्कार्पियो शहजाद पिता जमीर निवासी सायडिंग  और इनोवा अफजल अंसारी पिता शहाबुद्दीन निवासी जवाहर नगर (वार्ड नंबर-28) के नाम पर दर्ज है। इन दोनों वाहनों को कलेक्टर अजय कटेसरिया और एसपी धर्मवीर सिंह ने रेलवे अंडर ब्रिज के पास उस वक्त पकड़ा जब दोनों अफसर बठिया स्थित मतदान केंद्र के निरीक्षण पर जा रहे थे। कलेक्टर-एसपी ने  30 से भी ज्याादा मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और विजिटर बुक पर दस्तखत भी किए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही ने भी 4 गांवो के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और 6 मोबाइल जब्त किए।
कोरोना से सुरक्षा के प्रबंध
 मेडिकल टीम- 44
 थर्मल गन-350
 पल्स आक्सीमीटर : 350
 पीपीई किट- 1700
 एन-95 मॉस्क : 2000
 सर्जिकल मास्क- 1.65 लाख
 ग्लव्स-1.65 लाख
 सेनिटाइजर- 2505 लीटर  

Created On :   31 Oct 2021 5:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story