विधानसभा चुनाव में 8 करोड़ 94 लाख 46 हजार मतदाता डालेंगे वोट, जानिए संभागवार सीटों की स्थिति

8 crore 94 lakh 46000 voters will cast votes in assembly elections
विधानसभा चुनाव में 8 करोड़ 94 लाख 46 हजार मतदाता डालेंगे वोट, जानिए संभागवार सीटों की स्थिति
विधानसभा चुनाव में 8 करोड़ 94 लाख 46 हजार मतदाता डालेंगे वोट, जानिए संभागवार सीटों की स्थिति

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश के विधानसभा चुनाव में 8 करोड़ 94 लाख 46 हजार 211 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसमें पुरुष वोटर 4 करोड़ 67 लाख 37 हजार 841 हैं जबकि महिला मतदाता 4 करोड़ 27 लाख 5 हजार 777 हैं। वहीं 2 हजार 593 किन्नर मतदाता हैं। साल 2014 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले मतदाताओं की संख्या 59 लाख 17 हजार 901 बढ़ी है। शनिवार को मंत्रालय में मुख्य चुनाव अधिकारी बलदेव सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। सिंह ने कहा कि नागरिक उम्मीदवारों के नामांकन भरने की आखिरी तारीख 4 अक्टूबर तक मतदाता सूची में अपना नाम पंजीयन कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए 96 हजार 654 मतदान केंद्र होंगे। उन्होंने कहा कि साल 2014 के विधानसभा चुनाव के समय 91 हजार 329 मतदान केंद्र थे। लेकिन इस बार के चुनाव के लिए 5325 मतदान केंद्र बढ़े हैं। सिंह ने बताया कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 6.50 लाख कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के बीच जागरूकता फैलाने के लिए जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है। सिंह ने कहा कि पूरे राज्य में पहली बार ईवीएम और वीवीपैट मशीन का उपयोग चुनाव में होगा। इसके लिए राज्य में 1.80 लाख बैलेट यूनिट, 1.30 लाख कंट्रोल यूनिट और 1.35 लाख वीवीपैट मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसी बीच अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी दिलीप शिंदे ने बताया कि वोटिंग के दिन मतदान केंद्रों पर मोबाइल ले जाने पर पाबंदी होगी।

साल 2014 और 2009 के चुनाव में मतदान प्रतिशत 

साल 2014 के विधानसभा चुनाव में 60.32 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि साल 2009 के विधानसभा चुनाव में 50.67 वोटिंग हुई थी। चुनाव आयोग ने कहा कि इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए कोशिश की जा रही है। 

सी-विजिल व हेल्पलाइन सेवा

चुनाव आयोग की तरफ से आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों के लिए सी विजिल मोबाइल एप तैयार किया गया है। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक शिकायत कर सकते हैं। जबकि राज्य स्तर और जिला स्तर पर शिकायतों के निवारण के लिए टोल फ्री क्रमांक 1950 शुरू किया गया है। 

दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर

मतदान केंद्रों पर दिव्यांग तथा वरिष्ठ मतदाताओं के लिए सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था, व्हीलचेयर आदि सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी। दिव्यांग वोटरों को मतदान करने और मतदान केंद्र खोजने और व्हीलचेयर की मांग के लिए पंजीयन कराने के लिए पीडब्लूडी एप की सुविधा दी गई है। राज्य की मतदाता सूची में 3 लाख 60 हजार 885 दिव्यांग मतदाताओं का समावेश है। 

2700 मतदान केंद्र संवेदनशील

राज्य भर में लगभग 2700 मतदान केंद्रों को संवेदनशील मतदान केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है। यह जानकारी चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 
 

महाराष्ट्र विधानसभा की कुल सीटें 288  (संभागवार सीटों की स्थिति) 

विदर्भ - 62 सीटें 
मराठवाड़ा - 46 सीटें
पश्चिम महाराष्ट्र -  58 सीटें 
उत्तर महाराष्ट्र - 47 सीटें
कोंकण - 75 सीटें
कुल सीटें - 288 

साल 2014 के विधानसभा चुनाव में दलवार स्थिति 

भाजपा-122 
शिवसेना - 63 
कांग्रेस - 42 
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी - 41
शेकाप  -3    
बहुजन विकास आघाडी -3
एमआईएम - 2 
भारिप बहुजन महासंघ - 1  
माकपा -1 
राष्ट्रीय समाज पक्ष -1
समाजवादी पार्टी – 1
मनसे - 1
निर्दलीय - 7    
कुल   - 288 

साल 2009 के विधानसभा चुनाव में दलवार स्थिति 

कांग्रेस  - 82 
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी -62 
भाजपा - 46
शिवसेना- 44
मनसे -13 
शेकाप - 4 
समाजवादी पार्टी- 4
बहुजन विकास आघाडी-2 
जन सुराज्य शक्ति -2 
राष्ट्रीय समाज पक्ष  - 1 
लोकसंग्राम - 1 
शेतकरी स्वाभिमानी पक्ष - 1
भारिप बहुजन महासंघ- 1 
माकपा - 1 
निर्दलीय -24
कुल सीटें -288
 

Created On :   21 Sep 2019 3:05 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story