विधान परिषद की 6 सीटों पर 99.81 % मतदान, शिवसेना से बदला लेने नासिक में BJP का NCP को समर्थन 

विधान परिषद की 6 सीटों पर 99.81 % मतदान, शिवसेना से बदला लेने नासिक में BJP का NCP को समर्थन 
विधान परिषद की 6 सीटों पर 99.81 % मतदान, शिवसेना से बदला लेने नासिक में BJP का NCP को समर्थन 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधान परिषद की स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्रों की 6 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए 99.81 प्रतिशत वोटिंग हुई। इन सीटों के चुनाव परिणाम 24 मई को घोषित किए जाएंगे। सोमवार को मतदान के दिन सत्ताधारी BJP और विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस के बीच अनोखा गठजोड़ नजर आया। BJP ने पालघर लोकसभा उपचुनाव में लगे झटके का शिवसेना से तुरंत बदला लेने के लिए नासिक सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस को समर्थन दे दिया। इससे नासिक सीट पर शिवसेना अलग थलग पड़ गई।

सूत्रों के अनुसार BJP ने शिवसेना के उम्मीदवार को हराने के लिए रत्नागिरी- सिंधुदुर्ग-रायगड की सीट पर भी राष्ट्रवादी कांग्रेस को मदद किया है। BJP की इस रणनीति से शिवसेना को जबरदस्त नुकसान पहुंचना तय है। विधान परिषद की 6 में से 3 सीटें लड़ने वाली शिवसेना की राह बहुत ही मुश्किल नजर आ रही हैं। नासिक में BJP और राष्ट्रवादी के गठजोड़ पर पार्टी के नेता व मंत्री गिरीश महाजन ने जवाब दिया। 

BJP ने शिवसेना का खेल बिगाड़ने बनाई रणनीति  
नासिक के पालक मंत्री महाजन ने कहा कि पालघर लोकसभा उपचुनाव में शिवसेना ने BJP को धोखा दिया है। इसलिए हमने नासिक में पार्टी के मतदाताओं से अपने बुद्धि व विवेक से वोटिंग करने के लिए कहा था। महाजन ने स्पष्ट रूप से राष्ट्रवादी कांग्रेस का नाम नहीं लिया। लेकिन नासिक सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस के उम्मीदवार शिवाजी सहाणे ने साफ किया है कि BJP ने मुझे समर्थन दिया है। इसका फैसला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के स्तर पर हुआ है। नासिक में BJP के नेताओं ने दावा किया है कि समर्थन का निर्णय पार्टी नेतृत्व के स्तर पर हुआ है। हम सिर्फ इस पर अमल कर रहे हैं।

नासिक में राष्ट्रवादी कांग्रेस के उम्मीदवार शिवाजी सहाणे के खिलाफ शिवसेना के नरेंद्र दराडे उतरे हैं। लेकिन BJP का साथ मिलने से राष्ट्रवादी कांग्रेस के जीत का रास्ता साफ माना जा रहा है। वहीं उस्मानाबाद- लातूर-बीड़ सीट पर प्रदेश की ग्रामीण विकास मंत्री पंकजा मुंडे और विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे की साख दांव पर है। इस सीट पर BJP ने सुरेश धस को उम्मीदवारी दी है। उनका मुकाबला राष्ट्रवादी कांग्रेस के समर्थक व निर्दलीय अशोक जगदाले से है। वोटिंग के बाद धस ने दावा किया कि 100-150 वोटों के अंतर से जीतूंगा।  

बाजोरिया और देशमुख के बीच चुनावी संघर्ष 
परभणी-हिंगोली सीट पर शिवसेना के उम्मीदवार विप्लव बाजोरिया और कांग्रेस के उम्मीदवार सुरेश देशमुख के बीच चुनावी संघर्ष है लेकिन संख्याबल के अनुसार इस सीट पर विपक्षी दल कांग्रेस के उम्मीदवार का पलड़ा भारा है। रत्नागिरी- सिंधुदुर्ग-रायगड सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के उम्मीदवार अनिकेत तटकरे और शिवसेना उम्मीदवार राजीव साबले के बीच मुकाबला है। लेकिन सूत्रों के अनुसार इस सीट पर BJP ने राष्ट्रवादी कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे के बेटे अनिकेत की मदद की है।

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे की पार्टी ने भी अनिकेत को समर्थन दिया है।दूसरी ओर अमरावती सीट पर BJP उम्मीदवार व प्रदेश के उद्योग राज्य मंत्री प्रवीण पोटे-पाटील और कांग्रेस के उम्मीदवार अनिल माधोगडिया के बीच टक्कर है। जबकि वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली सीट पर BJP ने रामदास आंबटकर और कांग्रेस ने इंद्रकुमार सराफ मैदान में हैं। संख्या बल के अनुसार इन दोनों सीटों पर BJP की राह आसान मानी जा रही है।  

कहां पर हुआ कितना मतदान  

सीट                                 मतदाता         मतदान करने वाले            प्रतिशत 

वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली           1059           1056                             99.72
अमरावती                             489             488                              99.80 
 उस्मानाबाद- लातूर-बीड़        1005           1004                             99.90      
 परभणी-हिंगोली                    501            499                              99.60           
 नासिक                               644             644                             100 
रत्नागिरी- सिंधुदुर्ग-रायगड       940             938                             99.79    
कुल                                    4638           4629                             99.81 

Created On :   21 May 2018 8:32 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story