- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- औरंगाबाद के सिल्लोड में होगा पांच...
औरंगाबाद के सिल्लोड में होगा पांच दिवसीय कृषि महोत्सव, दस लाख किसान लेंगे हिस्सा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। औरंगाबाद में राज्य स्तरीय सिल्लोड कृषि महोत्सव 2023 का आयोजन 1 से 5 जनवरी के बीच होगा। औरंगाबाद के सिल्लोड में आयोजित होने वाले कृषि महोत्सव में प्रदेश भर से दस लाख किसान आएंगे। गुरुवार को राज्य के कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार ने मंत्रालय में यह जानकारी दी। कृषि मंत्री सत्तार ने बताया कि कृषि महोत्सवमें 600 स्टाल लगाए जाएंगे। जिसमें 340 स्टाल राज्य सरकार की कृषि से संबंधित विभिन्न योजनाओं के होंगे। जबकि 240 स्टाल निजी कंपनियों के होंगे। इस महोत्सव में किसान आधुनिक खेती और उत्पादन बढ़ाने के लिए नई तकनीक के बारे में जान सकेंगे।उन्होंने कहा कि कृषि महोत्सव में राज्य के चारों कृषि विश्वविद्यालयों और अकोला के महाबीज संस्था की ओर से तैयार किए गए नए बीज और अनुसंशाधन को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा जलयुक्त शिवार योजना के बारे में लाइव डेमोस्ट्रेशन दिया जाएगा। इसके अलावा कीटनाशकों के छिड़काव के लिए ड्रोन के इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
मोटे अनाज को लेकर महाराष्ट्र की भूमिका पर होगी चर्चा
सत्तार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साल 2023 को मोटा अनाज वर्ष घोषित किया गया है। इसके मद्देनजर मोटा अनाज को लेकर महाराष्ट्र की भूमिका और कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में भी चर्चा होगी। कृषि महोत्सव के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र सिल्लोड को चुने जाने पर सत्तार ने कहा किसिल्लोड से विदर्भ, खानदेश और उत्तर महाराष्ट्र के जिले करीब हैं। इसलिए सिल्लोड में कृषि महोत्सव का आयोजन करने का फैसला लिया गया है। 1 से 10 जनवरी के बीच सिल्लोड फेस्टिवल का भी आयोजन होगा। इसलिए इस फेस्टिवल में आने वाले लोग भी कृषि महोत्सव का लाभ ले सकेंगे। सत्तार ने कहा कि प्रति वर्ष हर संभाग की एक तहसील को कृषि महोत्सव के आयोजन के लिए चुना जाएगा।
Created On :   15 Dec 2022 9:49 PM IST