- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- बारिश के पानी में छत पर नहा रहे...
बारिश के पानी में छत पर नहा रहे युवक पर गिरी गाज, अस्पताल में मौत

डिजिटल डेस्क, सतना। बारिश के पानी में नहाते समय आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। यह घटना उचेहरा नगर में सामने आई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नगर परिषद के वार्ड 3 का निवासी सुभाष रैदास पुत्र रामलाल 19 वर्ष बीते काफी समय से वार्ड 7 में संचालित बर्तन फैक्ट्री में काम करता था। मंगलवार दोपहर को मानसून की पहली तेज बारिश हुई तो सुभाष समेत चार मजदूर फैक्ट्री की छत पर जाकर नहाने लगे। इसी दौरान बादल गरजने लगे, जिससे घबराकर अन्य मजदूर तो भागकर नीचे चले गए पर सुभाष पीछे रह गया। तभी पास वाली बिल्डिंग में गाज गिरी, जिसकी धमक से वह बेसुध होकर छत से नीचे गिर पड़ा।
इस घटना की खबर तुरंत ही दूसरे कर्मचारी ने फैक्ट्री मालिक हरीश ताम्रकार और युवक के पिता को दी तो दोनों लोग मौके पर पहुंच गए और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। करीब 3 बजे युवक को यहां लाया गया पर ड्यूटी डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। जिस पर चौकी पुलिस ने मर्ग पंचनामा कर लाश का पोस्मार्टम करवाया।
धमक से बेहोश हो गया युवक
वहीं रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के तपा गांव में एक युवक घायल हो गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक मंगलवार सुबह भूपेन्द्र सिंह पुत्र रमाकांत सिंह 18 वर्ष अपने घर से आम के बगीचे की तरफ गया था। जहां करीब 1 बजे बारिश शुरु हो गयी। तब वह पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान दूसरे पेड़ पर गाज गिरी जिसकी धमक से युवक बेहोश होकर गिर पड़ा। कुछ देर बाद जब उसकी बहने आम बीनने बगीचे में गयी तो भूपेन्द्र को जमीन पर पड़े देखकर घरवालों को खबर दी लिहाजा परिजन निजी वाहन से उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए जहां से डॉक्टर ने सतना रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई गयी है।
Created On :   27 Jun 2018 2:10 PM IST