- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सूरत ले जाकर दो महीने तक किया...
सूरत ले जाकर दो महीने तक किया दुराचार, जबलपुर स्टेशन पर पीड़िता को छोड़कर भागा आरोपी

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में रहने वाली 18 वर्षीय युवती से शादी का वादा करके उसे गुजरात के सूरत शहर ले जाकर ब्रजेश कुशवाहा नाम के युवक ने दो महीने तक दुराचार किया। कुछ दिन पूर्व ब्रजेश युवती को जबलपुर लेकर लौटा और रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर भाग निकला।
जिसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर FIR दर्ज कराई। हनुमानताल पुलिस ने बताया कि दो माह पूर्व थाना क्षेत्र में रहने वाली 18 वर्षीय युवती के गायब होने पर उसके परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार की सुबह लापता युवती थाने पहुंची और बताया कि ब्रजेश कुशवाहा से उसका अफेयर था, 6 मई को ब्रजेश उसके घर पहुंचा और शादी करने का वादा कर उसे अपने घर ले गया। 2 दिनों तक घर पर रहने के बाद ब्रजेश युवती को गुजरात के सूरत शहर ले गया। जहां उसने 2 माहों तक उससे शादी करने के नाम पर लगातार गलत काम किया।
युवती के अनुसार जब भी वह ब्रजेश से शादी करने का कहती तो वह बात टाल देता था। 9 जुलाई को ब्रजेश उसे वापस जबलपुर लाया और रेलवे स्टेशन पर छोड़कर कहा कि 10 मिनट रुको मैं आता हूं, लेकिन ब्रजेश वापस नहीं लौटा। पुलिस ने ब्रजेश कुशवाहा के खिलाफ अपहरण और दुराचार का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म
वहीं बेलबाग थाना क्षेत्र में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी के साथ अंकित कश्यप नाम के युवक ने धमकी देकर दुराचार किया। पुलिस को पीड़िता किशोरी ने बताया कि अंकित उसे शादी का प्रलोभन देकर अक्सर अपने घर के पास वाले कमरे में बुलाकर गलत काम करता था। लेकिन 15 जुलाई को अंकित ने किशोरी को अपने घर बुलाकर दुराचार किया और धमकी दी कि रिपोर्ट दर्ज कराई तो उसे और उसके परिवार को जान से खत्म कर देगा। पुलिस ने दुराचार और पास्को एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर अंकित कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है।
मंदिर से घर लौट रही महिला का बैग लेकर भागे बदमाश
जैन मंदिर से दर्शन करके घर लौट रहीं दो महिलाओं से दो युवकों ने बेवजह की पहचान बताकर धार्मिक बातों में उलझा लिया और कुछ देर बाद एक महिला का बैग लेकर भाग निकले। शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे बड़ा फुहारा के पास हुई इस वारदात के बाद पीड़ित महिला परिजनों के साथ लार्डगंज थाने पहुंची और शिकायत की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज चैक किए, जिससे पता चला कि बैग लेकर भागने वाले युवक ऑटो में आए थे, जो कुछ दूर भागने के बाद ऑटो में बैठकर चले गए थे।
पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के बारे में जानकारियां जुटाना शुरू कर दी है। लार्डगंज पुलिस ने बताया कि मछरहाई निवासी सुमन जैन रोज की तरह लार्डगंज बड़े जैन मंदिर में दर्शन के लिए गईं थीं। दर्शन के बाद करीब 8 बजे सुमन घर लौट रहीं थीं, लेकिन बनारसी पान वाले के पास दो युवक उनके करीब पहुंचे और खुद को उनका परिचित बताते हुए धार्मिक बातें शुरू कर दी। सुमन कुछ समझ पातीं इसी बीच युवकों ने उन्हें लूटपाट का डर दिखाते हुए अपने जेवर और सामान बैग में रखने को कहा। सुमन घबरा गईं और उन्होंने अपनी सोने की चेन, दो सोने की चूडिय़ां और पूजन का सामान बैग में रख लिया। इसी बीच एक युवक ने बैग सुमन से लेते हुए चलने को कहा और फिर दोनों तेजी से भागने लगे। सुमन ने युवकों को आवाज लगाते हुए पीछा भी किया, लेकिन वे लोग घमंडी चौक के बाद गायब हो गए।
कैमरे में नजर आए बदमाश
सुमन की शिकायत पर पुलिस ने कंट्रोल रूम से बड़ा फुहारा, घमंडी चौक और आसपास के एरियों में लगे CCTV कैमरों को चैक किया, जिसमें बदमाश एक ऑटो में बैठकर भागते हुए नजर आए। आरोपियों के हुलिए के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
Created On :   21 July 2018 1:28 PM IST