- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 2 बच्चों को नहर में फेंक खुद भी...
2 बच्चों को नहर में फेंक खुद भी कूदी मां, सुनते ही दादी की मौत

टीम डिजिटल. जबलपुर। एक मां इतनी निर्दयी कैसे हो सकती है। इसका सीधा नजारा हमें उस वक्त देखने मिला जब अपने दो मासूम बेटों को एक मां ने जिंदा ही नहर में फेंक दिया और खुद भी छलांग लगा दी। सदमे में दादी ने भी अपने प्राण त्याग दिए। गोसलपुर थाना अंतर्गत ग्राम पोंड़ी कला में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने अपने दो बच्चों को नहर में फेंककर खुद नहर में कूद गई। गहरे पानी में डूबने से बच्चों की मौत हो गई। महिला को ग्रामीणों ने बचा लिया।
खुद भी नहर में छलांग लगा दी
जानकारी के अनुसार मझगवां थाना अंतर्गत ग्राम दुबियारा निवासी राजेंद्र प्रजापति ईंट पथाई का काम करता है। उसकी मां कई दिन से बीमार चल रही थी। सुबह दस बजे के लगभग उसकी पत्नी अनीता (27) दोनों बेटों अभिषेक (05) और आनंद (03) को लेकर सात किलोमीटर दूर ग्राम पोंड़ी कला स्थित नहर के पास पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अनीता ने दोनों बेटों के कपड़े उतारे और जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते उसने एक-एक कर बेटों को नहर में फेंक दिया। फिर खुद भी नहर में छलांग लगा दी।
महिला ने ये कदम क्यूं उठाए, ये अब तक पता नहीं चल सका है। इस हृदय विदारक घटना की खबर मिलते ही राजेंद्र की बीमार मां आशाबाई (62) ने भी दम तोड़ दिया। घटना से सदमे में आई महिला की बीमार सास ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ हत्या और खुद की जान लेने के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
Created On :   26 May 2017 12:16 PM IST