- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- पेशी के लिए कोर्ट पहुंचा हत्या का...
पेशी के लिए कोर्ट पहुंचा हत्या का आरोपी फरार, SP ने किया चार पुलिसवालों को ससपेंड

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। कड़ी सुरक्षा के बीच भी हत्या के मामले में पेशी पर आया एक बंदी उस समय फरार हो गया, जब उसे पेशी के बाद वापस लॉकअप रूम में ले जाया जा रहा था। पेशी पर अपराधी के फरार होने की यह घटना दोपहर दो बजे की है। आरोपी के गायब होने की जानकारी उन चार पुलिस कर्मियों ने नहीं दी, जिनकी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रांझी मोहनिया निवासी उमेश उर्फ मुन्ना यादव भागा था। बंदी के भागने की जानकारी मिलने के बाद खोजबीन शुरू की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस मामले में एसपी शशिकांत शुक्ला ने लापरवाही के आरोप में चार पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। इन लोगों में एएसआई शशिधर दुबे, हवलदार राजेश दत्त, सिपाही धरम एवं कोमल शामिल हैं।
उमेश के भागने की जानकारी पुलिस को उस समय लगी जब शाम को 6 बजे पेशी प्रभारी एसआई रमेश रघुवंशी ने बंदियों की गिनती की तो पता चला कि एक बंदी कम है। जब हाजिरी लगाई गई तो पता चला कि उमेश यादव गायब है जो कि दोपहर एक बजे पेशी पर ले जाया गया था। दो बजे उसे लौटाकर कोर्ट के लॉकअप में लाना था। जिन पुलिस कर्मियों को उमेश यादव को लॉकअप वापस लाना था उनको चकमा देने में उमेश यादव सफल हो गया। उमेश के गायब होने की जानकारी जानबूझकर पुलिस कर्मियों ने अधिकारियों को नहीं दी, ताकि उन पर कार्रवाई तत्काल न हो सके। यह भी कहा जा रहा है कि सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने उमेश की हथकड़ी खोली थी और उसके साथ नाश्ता पार्टी करने गए थे।
52 बंदी लाए गए थे
52 बंदी पेशी पर लाए गए थे। इनकी सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने उनकी बारी-बारी से पेशी कराई थी। उमेश को एडीजे एसएस परमार के न्यायालय में पेश किया गया था। उमेश के साथ भूरा, गोलू, केशु, आकाश, दीपक, संदीप, रामचरण आदि को भी पेशी के लिए लॉकअप से निकाला गया था। उमेश के भागने की अगर जानकारी पहले मिल जाती तो उसे पकड़ा जा सकता था। बाद में जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया।
नारायण की हत्या की थी
उमेश एवं उसके साथियों द्वारा नारायण यादव की हत्या वर्ष 2014 में की गई थी। उसके बाद से ही वह जेल में बंद था। आरोपी उमेश की तलाश की जा रही है।
अरविंद जैन, टीआई सिविल लाइन
Created On :   22 Jun 2018 2:10 PM IST