सिर्फ मिल रही तारीख, नहीं हो पा रहा आधार कार्ड में संशोधन

Aadhar card updation process is stopped due to heavy server load
सिर्फ मिल रही तारीख, नहीं हो पा रहा आधार कार्ड में संशोधन
सिर्फ मिल रही तारीख, नहीं हो पा रहा आधार कार्ड में संशोधन

डिजिटल डेस्क, कटनी। नया आधार कार्ड बनवाने और पुराने कार्ड में संशोधन के लिए लोगों को तारीख पर तारीख मिल रही है। अपग्रेडशन के चलते जहां आधार का पोर्टल पिछले माह कई दिनों तक बंद रहा। वहीं अब जब पोर्टल खुला हुआ है, तो लोगों की लंबी-लंबी कतारें केन्द्रों में लग रही है। जिसके पीछे मुख्य समस्या सर्वर में अधिक लोड होना बताया जा रहा है। जिले में 14 लाख की जनसंख्या में अभी तक करीब 13 लाख लोग अपना रजिस्ट्रेशन आधार कार्ड के लिए करा चुके हैं। इसमें तो वे खुशनसीब हैं, जिनके आधार कार्ड में किसी तरह से गड़बड़ी नहीं है, लेकिन जिनके आधार कार्ड में त्रुटि है। उन्हें परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। ऊपर से जो नए नियम बना दिए गए हैं। उसे लेकर आम लोगों की और परेशानी बढ़ गई है।

नए नियम से उलझन
करेक्शन के लिए जो नया नियम जोड़ा गया है। उसके लिए लोग और अधिक परेशान होंगे। इसलिए यह बेहतर है कि जब भी आप आधार कार्ड केन्द्र में करेक्शन कराने जाएं। कम्प्यूटर में अपना नाम, पता, उम्र और अन्य दर्ज जानकारी को भली-भांति चेक करने के बाद ही ओके करें। यदि उम्र में किसी तरह से गड़बड़ी है, तो तीन वर्ष का डिफरेन्स में उनका सुधार केन्द्रों से हो पाएगा। अन्यथा उन्हें दिल्ली जाना पड़ सकता है। इसी तरह से लिंग परिवर्तन की त्रुटि में सुधार करने और नाम परिवर्तन में सुधार करने का सिर्फ एक बार ही मौका मिलेगा।

परेशान हो रहे लोग
केन्द्रों में आधार कार्ड के लिए लोग परेशान हो रहे हैं। शहर भर के सभी केन्द्रों में एक दिन में करीब 400 से लेकर 500 लोग पहुंच रहे हैं। इसमें नया आधार कार्ड बनवाने वालों की संख्या तो कम रहती है, लेकिन सत्तर प्रतिशत लोग ऐसे रहते हैं। जो आधार कार्ड में करेक्शन के लिए पहुंचते हैं। पहले जहां करेक्शन का काम आधा घंटे मेें हो जाता था। वहीं अब इसके लिए दो से तीन दिन का समय लग रहा है। नया आधार कार्ड की प्रक्रिया पूरी होने में भी पंद्रह से बीस दिन का समय लग रहा है।

इनका कहना है
जिले मेें 12 केन्द्रों में आधार बनाने के साथ करेक्शन का काम किया जा रहा है। बीच में जरुर पोर्टल बंद हो गया था। लेकिन अब पोर्टल खुला हुआ है। तकनीकी समस्या के कारण इस तरह की परेशानी हो रही है। आधार कार्ड में नाम, पता, उम्र में संशोधन के लिए नए नियम जारी किए गए हैं। उसी नियम का पालन आधार कार्ड केन्द्रों में किया जा रहा है।
- सौरभ नामदेव, एनआईसी अधिकारी

 

Created On :   23 Feb 2019 8:42 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story