महाराष्ट्र निकाय चुनाव में अकेले उतरेगी आप, अमित शाह को बताया देश के लिए खतरनाक 

AAP will fight alone in Maharashtra civic elections
 महाराष्ट्र निकाय चुनाव में अकेले उतरेगी आप, अमित शाह को बताया देश के लिए खतरनाक 
 महाराष्ट्र निकाय चुनाव में अकेले उतरेगी आप, अमित शाह को बताया देश के लिए खतरनाक 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता तथा राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा है कि महाराष्ट्र में पार्टी नगर निकायों के चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आप मुंबई समेत दूसरे महानगर पालिकाओं के चुनाव लड़ेगी। लेकिन मनपाओं के चुनाव के लिए राज्य में आप किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी। सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र में फिर से पार्टी को मजबूत करने का काम शुरू हो गया है। आने वाले तीन महीनों में इसका परिणाम नजर आएगा। सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र के अलावा देश के जिस राज्य में संगठन मजबूत होगा वहां पर पार्टी चुनाव लड़ने के बारे में फैसला करेगी। पार्टी के पास अभी हर राज्य में मजबूत सगंठन नहीं है। सिंह ने कहा कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 430 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रयोग किया था। इसमें से 409 सीटों पर आप की जमानत जब्त हो गई थी। इसलिए अब हमें हड़बड़ी में काम नहीं करना है। सिंह ने कहा कि देश में आप राष्ट्रीय स्तर पर विकल्प है अथवा नहीं, यह देश की जनता को तय करना है। फिलहाल आप को राष्ट्रीय स्तर पर विकल्प बनने के लिए एक मजबूत संगठन की जरूरत है। क्योंकि पार्टी के पास इतना बड़ा संगठन नहीं है। बिना संगठन के चुनाव में उतरना केवल औपचारिकता होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मॉडल को लेकर देश भर में जाया जा सकता है। सिंह ने कहा कि पार्टी ने राष्ट्र निर्माण में ‘आप’ से जुड़ने के लिए एक अभियान शुरू किया है। इसके जरिए 5 दिनों में 13 लाख लोग सदस्य बनेंगे। 

महाराष्ट्र में लागू हो सकती है मुफ्त बिजली योजना

सिंह ने कहा कि अगर महाविकास आघाडी सरकार महाराष्ट्र में 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त में देने के लिए दिल्ली सरकार से कोई सलाह मांगेगी तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहयोग करेंगे। सिंह ने कहा कि महाविकास आघाडी सरकार वास्तव में मुफ्त बिजली की योजना लागू करना चाहेगी तो यह संभव है। क्योंकि जितना बड़ा प्रदेश होता है सरकार के पास उतने ही ज्यादा संसाधन होते हैं। सिंह ने कहा कि आप भाजपा की धर्म और जाति वाली राजनीति पर चुनाव नहीं लड़ सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा इस देश के लिए और राजनीति के लिए ठीक नहीं है। क्योंकि भाजपा नफरत फैलाने की आड़ में अपने सारे गुनाह छिपाना चाहती है। इसलिए कार्यक्रम आधारित देश में भाजपा का कोई विकल्प बनता है तो अच्छी बात है। महाराष्ट्र और झारखंड में गठबंधन की सरकार बनी है। दोनों राज्यों की सरकारों को काम करके दिखाना पड़ेगा नहीं तो यह प्रयोग अवसरवादी माने जाएंगे जैसे कर्नाटक में लोग कह रहे हैं। 

सीएए के खिलाफ आप

सिंह ने कहा कि आप का सीएए को लेकर विरोध है। उन्होंने कहा कि कि देश में 70 प्रतिशत लोगों के पास अपने सबूत के रूप में कोई कागज नहीं है। एनआरसी लागू हो गया तो ये लोग कहां से अपने कागज लाएंगे। एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि अगर चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर आप में आना चाहेंगे तो उनका स्वागत है। लेकिन अभी इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। 

अमित शाह देश के लिए खतरनाक 

सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश और देश की कानून व्यवस्था के लिए एक खतरनाक व्यक्ति हैं। शाह के गृहमंत्री बनने के बाद देश की कानून व्यवस्था बहुत ही बुरी स्थिति में पहुंच गई है। शाह गैर जरूरी मुद्दों पर पूरे देश को उलझा रहे हैं। शाह अपनी सनक से देश में अंतरकलह पैदा करना चाहते हैं। शाह जब से देश के गृहमंत्री बने हैं तब से दिल्ली में वकीलों पर गोलीबारी, दिल्ली में छात्राओं पर लाठियां चलाई गई, शाहीन बाग के आंदोलन कारियों से चर्चा के लिए कोई तैयार नहीं है। दिल्ली में 24 घंटे में 9 हत्याएं हुई हैं। देश की राजधानी में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। इसलिए शाह देश की कानून व्यवस्था और देश के अमन के लिए ठीक व्यक्ति नहीं हैं। 
 

Created On :   22 Feb 2020 10:03 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story