कलेक्टर के निर्देश पर अवैध परिवहनकर्ताओं की धरपकड़, 20 हाईवा जब्त

Action taken against the illegal transportation of Collectors order
कलेक्टर के निर्देश पर अवैध परिवहनकर्ताओं की धरपकड़, 20 हाईवा जब्त
कलेक्टर के निर्देश पर अवैध परिवहनकर्ताओं की धरपकड़, 20 हाईवा जब्त

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। खनिजों का अवैध परिवहन करते हुए डेढ़ दर्जन से भी ज्यादा वाहनों को जब्त किया गया है। प्रशासन द्वारा सोमवार को पाटन-शहपुरा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। पता चला है कि कलेक्टर छवि भारद्वाज के निर्देश पर पाटन SDM पीके सेनगुप्ता ने क्षेत्र में कई जगहों पर दबिश देते हुए वाहनों को धरपकड़ की। 

SDM के अनुसार, अधिकारियों की अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध इलाकों में छापामार कार्रवाई की गई। इसके साथ ही चैक पोस्ट लगाकर खनिजों का परिवहन कर रहे वाहनों की जांच-पड़ताल की गई। इस दौरान 20 हाईवा को खनिजों का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया है। इनमें से 15 वाहन शहपुरा व 5 हाईवा पाटन इलाके में पकड़ाए हैं। पकड़े गए वाहनों में से 13 रेत का अवैध परिवहन कर रहे थे।

इसी प्रकार 5 हाईवा से गिट्टी व 2 से मुरम का अवैध परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान कोई भी वाहन चालक आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद अधिकारियों ने जब्ती की कार्रवाई कर प्रकरण पंजीबद्ध किया है। वहीं कुछ वाहन चालक मौके से भाग भी निकले। जब्त सभी हाईवा का संबंधित थानों में खड़ा कराया गया है। बताया जाता है कि थानों में जगह कम पडऩे की वजह से अधिकांश वाहनों को शहपुरा मंडी में खड़ा करवाया गया है।

फोन कर दबाव बनाने की कोशिश
पता चला है कि कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए वाहनों को छोड़ने के लिए कुछ दबंगों द्वारा फोन कर दबाव बनाने की भी कोशिश की गई। सूत्रों की माने तो किसी ने अपनी राजनैतिक पृष्ठभूमि का हवाला देकर वाहन छोड़ने के लिए दबाव बनाया, तो कोई दस्तावेज होने का दावा करते रहे। इस बीच कुछ लोगों ने अधिकारियों से बहस भी की। लेकिन, जब्त किए गए वाहनों को छुड़वाने में किसी को भी सफलता हासिल नहीं हो सकी। 

जबलपुर के हैं अधिकांश वाहन
अवैध परिवहनकर्ताओं की धरपकड़ के दौरान जो वाहन पकड़े गए हैं, उनमें से अधिकांश जबलपुर जिले के हैं। बताया जाता है कि जब्त किए गए वाहनों में से करीब 18 हाईवा का रजिस्ट्रेशन जबलपुर के आरटीओ का है। वहीं एक अन्य हाईवा नरसिंहपुर जिले का बताया जा रहा है। सूत्रों का यह भी कहना है कि कुछ वाहन ऐसे हैं, जिनपर पूर्व में भी कार्रवाई हो चुकी है। 

कलेक्टर को मिली थी पुख्ता जानाकरी
पाटन-शहपुरा क्षेत्र में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई से यह बात स्पष्ट है कि कलेक्टर को मिली शिकायतें व जानकारी पुख्ता थी। जानकारों की माने तो इससे यह भी साफ है कि जिले में कई जगहों पर धड़ल्ले से खनिजों का अवैध परिवहन किया जा रहा है। यही नहीं, शहर की सड़कों पर भी आए दिन हाईवा व डम्पर रेत, मुरम व गिट्टी का परिवहन करते देखे जा सकते हैं।

पांच वाहनों पर डेढ़ लाख का जुर्माना
कलेक्टर ने अवैध परिवहन करने वाले पांच वाहनों पर जुर्माना लगाया है। कलेक्टर कोर्ट के समक्ष पेश प्रकरणों पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने करीब डेढ़ लाख रुपए का जुर्माना वसूलने के आदेश दिए हैं। इसके तहत चैन सिंह ठाकुर, निशांक चौबे व सोनिया चौबे के वाहन एमपी-20-जीए-9715 पर 26 हजार 400 तथा सोनू यादव, विनोद पटेल व चंदन सिंह पटेल के वाहन एमपी-49-एच-5596 पर 46 हजार 200 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

इसी प्रकार प्रेमशंकर ठाकुर, बिहारी साहू, विपिन साहू के वाहन एमपी-20-जीए-7740, तेजीलाल उईकके, भूपत पटेल, दुलीचंद पटेल के वाहन नंबर एमपी20जीए5099 तथा खेमचरन लोधी, धर्मेन्द्र लोधी के वाहन एमपी-20-जीए-7799 पर 26,400 रुपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है। सभी पांच वाहनों पर कुल 1 लाख 51 हजार 800 रुपए वसूलने के आदेश जारी किए गए हैं। 

Created On :   31 July 2018 2:22 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story