41 दिन बाद पुट्टपर्थी से निकल पाए 380 श्रद्धालु, इधर कांग्रेस- भाजपा का अपना-अपना दावा

District Mineral Fund is not being used in Gadchiroli!
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!
41 दिन बाद पुट्टपर्थी से निकल पाए 380 श्रद्धालु, इधर कांग्रेस- भाजपा का अपना-अपना दावा

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। आंध्रप्रदेश के पुट्टपर्थी आश्रम में फंसे करीब 379 श्रद्धालु आखिरकार गुरुवार को वहां से रवाना हो गए हैं। 12 मार्च से वे पुट्टपर्थी आश्रम में सेवादार के रूप में मौजूद थे। उन्हें 23 मार्च को ट्रेन से लौटना था लेकिन इसी बीच लॉकडाउन होने से वे लौट नहीं पा रहे थे। 27 मार्च को कलेक्टर ने इन्हें लाने के लिए अनुमति देते हुए सत्यसाईं सेवा समिति के जरिए सात बसें रवाना की थी। इसके बाद भी 27 दिनों तक वे पुट्टपर्थी में ही फंसे रहे। अब आंध्रप्रदेश सरकार की अनुमति के बाद गुरुवार को वे सात बसों में सवार होकर छिंदवाड़ा के लिए रवाना हुए हैं। शुक्रवार को वे यहां पहुंच जाएंगे। इधर श्रद्धालुओं को यहां लाने के प्रयासों का कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपने-अपने दावे कर रहे हैं।
कांग्रेस का दावा: कमलनाथ ने आंध्रा के सीएम से की चर्चा
कांग्रेस का कहना है कि धार्मिक यात्रा पर पुट्टपर्थी गए 379 सदस्य लॉकडाउन के कारण वहां फंस गए थे। इस दौरान उन्होंने यहां अनेक प्रतिनिधियों से छिंदवाड़ा आने के लिए संपर्क किया लेकिन उन्हें सहयोग नहीं मिल पाया। बाद में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी और पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना ने उक्त संदर्भ में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ को वस्तु स्थिति से अवगत कराया। कमलनाथ ने तत्काल आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री जगहमोहन रेड्डी से दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें सारी स्थितियां समझाई एवं सभी यात्रियों को आंध्रप्रदेश से मध्यप्रदेश में सकुशल पहुंचाने का आग्रह किया। सांसद नकुलनाथ ने भी आंध्रप्रदेश के अनंतपुर जिले के डीएम से चर्चा कर सहयोग करने की बात कही। परिणाम स्वरूप जिले के यात्रियों को छिंदवाड़ा आने की अनुमति प्रदान की गई है। सभी 379 यात्री 7 बसों के माध्यम से शुक्रवार को छिंदवाड़ा पहुंच रहे हंै। सभी यात्रियों के छिंदवाड़ा के लिए रवाना होने की सूचना पर उनके परिजनों ने कमलनाथ और नकुलनाथ का आभार माना है।
भाजपा का दावा: अनुसुइया ने गृहमंत्री अमित शाह को लिखा था पत्र
भाजपा का कहना है कि जिले के 379 सेवादारों के पुट्टपर्थी  में फंसे रहने के कारण यहां उनके परिवारजन परेशान हो रहे थे। परिजनों ने भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू से मिलकर उनकी वापसी की व्यवस्था करने का अनुरोध किया था। भाजपा जिला अध्यक्ष के अनुरोध पर कलेक्टर छिंदवाड़ा ने इन यात्रियों को लाने के लिए छिंदवाड़ा से विशेष बसों को जाने की अनुमति दी थी। वहां की राज्य सरकार इन बसों को वापस आने की अनुमति नहीं दे रही थी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस संबंध में छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा कर मदद का अनुरोध किया था। राज्यपाल सुश्री उइके ने गृह मंत्री अमित शाह से चर्चा कर इन बसों को छिंदवाड़ा आने की अनुमति देने का अनुरोध किया था। अब अनुमति मिल गई और सभी सेवादार बसों में सवार होकर रवाना हो गए हैं। भाजपा ने महामहिम राज्यपाल सुश्री उइके और सीएम शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया है।  
स्वास्थ्य जांच होगी, होम क्वरेंटाइन रहना होगा:
बताया जा रहा है कि पुट्टपर्थी से सभी स्वयंसेवकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रवाना किया गया है। शुक्रवार को सभी छिंदवाड़ा पहुंच जाएंगे। यहां आने पर सभी की स्वास्थ्य जांच होगी। इसके बाद सभी को होम क्वरेंटाइन की सलाह दी जाएगी।

Created On :   24 April 2020 1:50 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story