- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- सतना में गोडसे की प्रतिमा के लिए...
सतना में गोडसे की प्रतिमा के लिए भूमिपूजन की कोशिश ; पुलिस ने की नाकाम

डिजिटल डेस्क सतना। सख्त पुलिसिया पहरे के बीच यहां सिटी कोतवाली इलाके के पुष्करणी पार्क में शुक्रवार को नाथूराम विनायक गोडसे की प्रतिमा को स्थापित करने के लिए प्रस्तावित भूमिपूजन का कार्यक्रम अंतत: विफल हो गया। इससे पहले जिला मजिस्ट्रेट और कलेक्टर मुकेश शुक्ला को इस संबंध में ज्ञापन सौंप कर अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रतिनिधि मंडल ने दोपहर 2 बजे भूमि पूजन के दौरान शांति व्यवस्था सुनिश्चत करने का आग्रह किया था।
सुबह से ही पुलिस सक्रिय
प्रतिमा की स्थापना के लिए प्रस्तावित भूमिपूजन के मद्देनजर सिटी पुलिस सुबह से ही सक्रिय थी। कोलगवां टीआई हेमंत बर्वे की टीम ने जहां शुक्रवार को सुबह तकरीबन 11 बजे अखिल भारतीय हदू महासभा के राष्ट्रीय महासचिव देवेन्द्र पांडेय को हिरासत में लेकर बाबूपुर चौकी में ऐसा नहीं करने की समझाइश दी वहीं कोतवाली पुलिस ने पुष्करणी पार्क पर डेरा डाल दिया। पुलिस ने हिंदू महासभा के पदाधिकारियों को समझाइश दी कि किसी भी प्रतिमा की स्थापना तय नियमों के अंतर्गत ही की जा सकती है।
सडक़ पर ही तोड़ दिया नारियल
बताया गया है कि पुष्करणी पार्क में पुलिस के पहरे के कारण हिंदू महासभा के पदााधिकरियों ने प्रतिमा के भूमिपूजन की नाकाम कोशिश पर पार्क के सामने सडक़ पर ही नारियल तोड़ दिया।
हिंदू महासभा का तर्क था कि जिस तरह से राजनैतिक पार्टियों के नेताओं की प्रतिमाएं प्रदेश के पार्क और चौराहों पर स्थापित हैं,उसी तरह से स्वतंत्रता संग्राम के उन महानायकों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जानी चाहिए जो जिनके बगैर इतिहास के पन्ने अधूरे हैं। महासभा के मुताबिक इसी क्रम में नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित किए जाने का निर्णय लिया गया था। उधर, प्रतिमा के लिए भूमिपूजन के सवाल कांग्रेस उबाल पर रही। बड़ी तादाद में पुष्करणी पार्क पहुंचे पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने विरोध व्यक्त करते हुए धरना दे दिया। पार्टी के प्रदेश सचिव रवीन्द्र सिंह सेठी ने आरोप लगाए कि राष्ट्रपिता महात्मागंधी के हत्यारे की महिमा नहीं मंडित की जा सकती है। ये कृत्य निदंनीय है। महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष उर्मिला त्रिपाठी ने देवेन्द्र तिवारी के खिलाफ राष्ट्रदोह का मुकदमा कायम करने की मांग की। पीसीसी सदस्य सुधीर सिंह तोमर ने कहा कि इस निंदनीय कृत्य को आरएसएस और भाजपा सरकार का संरक्षण हासिल है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)
Created On :   2 Dec 2017 12:42 PM IST