- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मरने के पहले कर लिया मरने के बाद का...
मरने के पहले कर लिया मरने के बाद का इंतजाम

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मरने के पहले जीने के लिए इंसान क्या-क्या नहीं करता, पर मरने के पहले मरने के बाद का इंतजाम करना थोड़ा चौंकाता जरूर है पर लोग यह इंतजाम भी करने लगे हैं। कुछ लोग अपनी कब्र बुक कर लेते ताकि उन्हें उनकी पसंदीदा जगह पर ही दफनाया जाए। इसी प्रकार कुछ लोग मरने के पहले ही अपनी तेरहवीं भी कर लेते हैं ताकि कहीं उनके बच्चे या रिश्तेदार इस क्रिया को ठीक से न करें।
कुछ ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसमें एक जीवित महिला ने वाकायदा नोटरी से शपथ पत्र बनवाया और उसमें अपनी इच्छा जाहिर की कि उसके मरने के बाद उसका अंतिम संस्कार मोक्ष सामाजिक संस्था करे और इसके लिए उसने खर्च की राशि भी चैक के माध्यम से सौंप दी है। खबर वाकई चौंकाने वाली है क्योंकि लोग मौत के नाम से ही कांपने लगते हैं पर कुछ लोग होते हैं जो दिलेरी दिखाते हुए इस सत्य को स्वीकार करते हैं और मौत के बाद के इंतजाम में भी जुट जाते हैं। ऐसी ही यह महिला है 74 साल की सुश्री हेमा(बदला हुआ नाम) जो एक मंदिर में नि:स्वार्थ सेवा करती हैं। उनका कहना है कि उन्हें आभास हुआ कि उनकी मौत के बाद उनकी मृत देह का क्या होगा, इसलिए उन्होने यह निर्णय लिया कि मोक्ष संस्था जो कि अज्ञात शवों का भी पूरे विधि विधान से अंतिम संस्कार करती है उसे ही यह जिम्मा दिया जाए। चूंकि अज्ञात शवों का कोई वारिस नहीं होता इसलिए वे तो इस क्रिया कर्म का कोई खर्च नहीं दे पाते। चूंकि मैं जिंदा हूं और सक्षम भी इसलिए मैं इसके लिए राशि भी प्रदान कर रही हूं। हेमा ने यह भी इच्छा जाहिर की है उनकी जब भी मौत होगी, उसकी जानकारी मोक्ष संस्था ही उनकी छोटी बहिन को दे दे।
Created On :   30 Aug 2017 9:43 PM IST