- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- गुस्साए किसानों ने लगाया जाम, सड़क...
गुस्साए किसानों ने लगाया जाम, सड़क पर ट्रैक्टर लगाकर रोका ट्राफिक

खुर्सीपार धान खरीदी केन्द्र में सर्वेयर की मनमानी का आरोप
डिजिटल डेस्क सिवनी । लखनादौन से लगे खुर्सीपार खरीदी केन्द्र में धान तुलाई की सुस्त रफ्तार व सर्वेयर(गुणवत्ता निरीक्षक) की मनमानी से गुस्साए किसानों ने सोमवार को जाम लगा दिया। किसान हंगामा करने लगे। किसानों ने खरीदी केन्द्र में तुलाई के इंतजार में रखे अपने ट्रैक्टर सड़क पर लगाकर रास्ता बंद कर दिया। इससे लखनादौन-मंडला मार्ग पर आवाजाही थम गई और कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। किसानों द्वारा जाम लगाए जाने की जानकारी मिलते ही एसडीएम सिद्धार्थ जैन अफसरों के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर जाम हटवाया।
किसानों के ये आरोप
शनिवार-रविवार दो दिन खरीदी बंद रहने के बाद सोमवार को जैसे ही खरीदी प्रारंभ होने की प्रक्रिया शुरू हुई किसानों ने जाम लगा दिया। जाम लगाने वाले किसानों ने सर्वेयर पर मनमानी के आरोप लगाते हुए बताया कि किसान गुणवत्तायुक्त धान लेकर खरीदी केन्द्र पहुंच रहे हैं, लेकिन अच्छी गुणवत्ता के बावजूद सर्वेयर द्वारा अमानक बताते हुए तुलवाई नहीं जा रही। ऐसा खरीदी केन्द्र में उपार्जन प्रारंभ होने के बाद से हो रहा है। खरीदी केन्द्र में खुले में 15 सौ क्विंटल से ज्यादा धान पड़ी है, वहीं किसानों की 2 हजार क्विंटल धान सर्वेयर की मनमानी के कारण तुल नहीं पा रही। ऐसे में यदि बारिश हो जाए तो इसका जवाबदार कौन रहेगा। किसानों ने सर्वेयर को स्वयं गुणवत्ता का ज्ञान न होने का आरोप लगाते हुए उसे बदलने की मांग भी की। खरीदी केन्द्र के सहायक प्रबंधक ने भी सर्वेयर के कारण किसानों के परेशान होने का आरोप लगाया।
दो नए सर्वेयर लगाए गए
जाम लगाए जाने की जानकारी मिलने के बाद एसडीओपी, तहसीलदार, जेएसओ के साथ मौके पर पहुंचे एसडीएम श्री जैन ने किसानों को समझाने के साथ ही डीएम नान से बात कर तत्काल दो नए सर्वेयर खुर्सीपार केन्द्र में तैनात करा दिए। जेएसओ को भी लगातार दो-तीन दिन खुर्सीपार केन्द्र में रहने के निर्देश दिए गए हैं। यह भी सामने आया है कि इस केन्द्र में कई सर्वेयर बदले जा चुके हैं। नया सर्वेयर आता है तो जिन किसानों की धान तुलने से बची रहती है,उन्हें यह कहते हुए उनकी धान तुलवाने से इंकार कर दिया जाता है कि जो सर्वेयर बदल गए वे ही तुलवाने का काम करेंगे। इससे किसान लगातार इस केन्द्र में परेशान हो रहे थे।
इनका कहना है-
किसानों को समझाइश देकर जाम खुलवाया गया। खुर्सीपार केन्द्र में सर्वेयर को लेकर समस्या थी। किसानों में मानक-अमानक को लेकर सर्वेयर के प्रति आक्रोश था। केन्द्र दो नए सर्वेयर तैनात कर दिए गए हैं। जेएसओ को भी दो-तीन दिन लगातार केन्द्र में रहने को कहा गया है।
- सिद्धार्थ जैन, एसडीएम, लखनादौन
Created On :   5 Jan 2021 5:40 PM IST