कठिन परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अनुष्का का सम्मान

Anushka honored for her outstanding performance in tough situations
कठिन परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अनुष्का का सम्मान
रीढ़ टूटी,जज्बा नहीं कठिन परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अनुष्का का सम्मान

डिजिटल डेस्क, सतना। पूरे 5 साल से बेड और व्हील चेयर पर आश्रित अनुष्का गुप्ता अब अकेली नहीं हैं। संकट की इस विकट घड़ी में शासन-प्रशासन उसके साथ है। हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में कठिन परिस्थितियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सोमवार को कलेक्टर अनुराग वर्मा ने अनुष्का के जब्जे को सलाम किया। लाड़ली उत्सव के अवसर पर उन्होंने मेधावी छात्रा को प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ के साथ 5 हजार के नकद पुरस्कार से भी सम्मानित किया। एसपी धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के सीईओ डॉ.परीक्षित राव, डीईओ नीरव दीक्षित और जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह भी साथ में थे। 

मदद करेगा आयुष्मान-

कलेक्टर ने परीक्षा तैयारियों के अनुभव भी साझा किए। अनुष्का ने कहा कि वह पढऩा चाहती है। उसने आयुष्मान योजना से इलाज कराने का आग्रह किया। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने आश्वस्त किया कि सरकारी स्तर पर उसकी हर संभव मदद की जाएगी। अक्टूबर 2017 में अनुष्का जब महज 10 साल की थी एक हादसे ने उसे बिस्तर से लगा दिया। रीढ़ की हड्डी टूट गई मगर जज्बा नहीं टूटा। बावजूद इसके उसके हौसले इस कदर बुलंद थे कि अवसाद उसे छू तक नहीं गया। एक्सीलेंस स्कूल व्यंकट-वन की इस मेधावी छात्रा ने हाईस्कूल की परीक्षा में 76 फीसदी अंक अर्जित कर मिसाल पेश कर दी। अनुष्का के पिता प्रमोद गुप्ता की हार्ड बेयर की छोटी सी दुकान थी। बेटी के इलाज में तकरीबन 20 लाख लग गए। घर-बार बिक गया। मगर, अनुष्का एक बार गिरी तो फिर अपने पैरों पर खड़ी नहीं हो पाई। 

शर्मिष्ठा-प्रतिष्ठा और रिया भी सराही गईं-

शारीरिक रुप से दिव्यांग अनुष्का की हाईस्कूल परीक्षा की तैयारी में मददगार दो सगी बहनों शर्मिष्ठा और प्रतिष्ठा को भी कलेक्टर ने जमकर सराहा। पत्रकार राजेश द्विवेदी की इन मेधावी बेटियों ने अनुष्का की कामयाबी में अहम भूमिका निभाई। एक्सीलेंस की दोनों छात्राओं ने भी 90-90 फीसदी अंक अर्जित किए हैं। अनुष्का की उत्तर पुस्तिकाओं की लेखिका रिया सिंह को भी कलेक्टर नहीं भूले उन्होंने रिया को भी पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। रिया भी इसी स्कूल की छात्रा है।
 

Created On :   3 May 2022 1:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story