- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- खत्म हुई आशा कार्यकर्ताओं की...
खत्म हुई आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल, मिलेगा स्मार्ट फोन, मानधन में भी 15 सौ रुपए की बढ़ोतरी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश की आशा कार्यकर्ताओं का 1 जुलाई से 1000 रुपए निश्चित मानधन बढ़ोतरी और 500 रुपए कोविड भत्ता कुल मिलाकर प्रति महीने 1500 रुपए की वृद्धि की जाएगी। जबकि गट प्रवर्तकों को 1200 रुपए निश्चित मानधन बढ़ोतरी और 500 रुपए कोविड भत्ता कुल 1700 रुपए की वृद्धि मिल सकेगी। इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं को विशेष भेंट के रूप में स्मार्ट फोन दिया जाएगा। बुधवार को मंत्रालय में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने आशा कार्यकर्ताओं के कृति समिति के पदाधिकारियों की बैठक में यह घोषणा की। इसके बाद आशा व गट प्रवर्तक कृती समिति के अध्यक्ष एम ए पाटील ने आशा कार्यकर्ताओं की बेमियादी हड़ताल खत्म करने का ऐलान कया। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता गुरुवार से काम पर लौट आएंगी। राज्य के 68 हजार 297 आशासेविकाओं और 3 हजार 570 गट प्रवर्तकों को मानधन वृद्धि का लाभ होगा। इसके लिए सरकार की तिजोरी पर प्रति वर्ष 202 करोड़ रुपए का भार पड़ेगा।
पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने कहा कि अगले साल जुलाई महीने में आशा कार्यकर्ता के मानधन में और 500 रुपए की वृद्धि करने का फैसला लिया गया है। टोपे ने कहा क कोरोना टीकाकरण केंद्रों में भीड़ के प्रबंधन के लिए आशा कार्यकर्ताओं को 200 रुपए अतिरिक्त भत्ता दिया जाएगा। जिला अस्पतालों में आशा कार्यकर्ताओं के लिए आश्राय केंद्र उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए जाएंगे। टोपे ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को नगर निकाय संस्थाओं की आर्थिक परिस्थिति के अनुसार प्रोत्साहन भत्ता देने के लिए सिफारिश की जाएगी। आशा कार्यकर्ताओं के कामों और उनको मिलने वाले मानधन के संबंध में अध्ययन के लिए पुणे की यशदा संस्था के माध्यम समिति का गठन किया जाएगा। टोपे ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के मानधन की लिखित ब्यौरा देने के लिए चिट्ठी दी जाएगी। एएनएम और जीएनएम काडर में शिक्षा के लिए 2 प्रतिशत आरक्षण आशा कार्यकर्ताओं के लिए है। इस पद के ठेके की सेवा के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। टोपे ने कहा कि कोरोनाकाल में आशा कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की जाएगी। टोपे ने कहा कि कोरोना की तीसरी संभावित लहर को देखते हुए आशा कार्यकर्ता ग्रामीण इलाकों में प्रभावी रूप से काम करें। उन्होंने बताया कि पिछले साल सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं और गट प्रवतकों का 2 हजार रुपए मानधन बढ़ाया गया था।
Created On :   23 Jun 2021 7:05 PM IST