आठवले की ओर से सिब्बल और आज़ाद को बीजेपी में शामिल होने का न्यौता, बोले - राहुल गांधी कर रहे अपमान

Athawale invites Sibbal and Azad to join BJP, said - Rahul Gandhi is insulting
आठवले की ओर से सिब्बल और आज़ाद को बीजेपी में शामिल होने का न्यौता, बोले - राहुल गांधी कर रहे अपमान
आठवले की ओर से सिब्बल और आज़ाद को बीजेपी में शामिल होने का न्यौता, बोले - राहुल गांधी कर रहे अपमान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आरपीआई अध्यक्ष तथा केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और कपिल सिब्बल को भाजपा में शामिल होने का सुझाव दिया है। आठवले ने कहा कि कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर विवाद चल रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता आजाद और पूर्व केंद्रीय मंत्री सिब्बल पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया है। यदि राहुल यह आरोप लगा रहे हैं तो आजाद और सिब्बल को कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए। आठवले ने कहा कि आजाद और सिब्बल का कांग्रेस में अपमान हो रहा है। इसलिए उन्हें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आना चाहिए। हम उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। 

आठवले ने कहा कि मेरी पार्टी आरपीआई छोटा दल है। आजाद और सिब्बल को आरपीआई में आने से कोई राजनीतिक फायदा नहीं मिलेगा। इसलिए मैं दोनों नेताओं को भाजपा में शामिल होने का निवेदन कर रहा हूं। आठवले ने कहा कि आजाद और सिब्बल ने कांग्रेस पार्टी को बड़ा करने की बहुत कोशिश की है। दोनों नेताओं ने अपनी जिंदगी कांग्रेस के लिए खर्च कर दी। ऐसे में राहुल द्वारा उनपर आरोप लगाया जाना गलत है। आठवले ने कहा कि कांग्रेस नेता रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी, लेकिन बाद में पायलट का कांग्रेस के साथ समझौता हो गया। जब पायलट का अपने समर्थक विधायकों का आकड़ा ठीक-ठाक हो जाएगा, तो वह भी बाहर आ जाएंगे।

आठवले ने कहा कि राहुल पर कांग्रेस पार्टी के लोगों का ही भरोसा नहीं है, तो दूसरों का भरोसा कैसे होगा। आठवले ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार मजबूत है। साल 2024 और साल 2029 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की सरकार आएगी। उसके बाद भी भाजपा की ही सरकार बनेगी। आठवले ने कहा कि भाजपा केवल ब्राह्मणों की पार्टी नहीं है। भाजपा अब दलित, ओबीसी, उच्च वर्ग सभी लोगों की पार्टी बन गई है। इसलिए भाजपा पर यह आरोप करना ठीक नहीं है कि यह केवल ब्राह्मणों की पार्टी है।

आठवले ने कहा कि एक जमाना था जब भाजपा सिर्फ ब्राह्मणों की पार्टी थी। उस समय भाजपा के एक भी नेता चुनाव नहीं जीत पाते थे, लेकिन भाजपा अब सभी लोगों की पार्टी बन गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के नारे से सभी लोग भाजपा में आ रहे हैं। आठवले ने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 350 से ज्यादा सीटें जीतेगी। भाजपा कांग्रेस पार्टी का खात्मा करेगी।  

इससे पहले आजाद समेत कांग्रेस के 23 वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पूर्णकालिक अध्यक्ष और संगठनात्मक चुनाव की बात कही थी। इस पत्र लेकर कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में बवाल हुआ था। 
 

Created On :   2 Sep 2020 12:13 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story