- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- इस ATM लुटेरे के पास मिले 1650...
इस ATM लुटेरे के पास मिले 1650 लोगों के पासवर्ड, लगाया 32 लाख का चूना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ATM में स्कीमर लगाकर करीब 100 लोगों को 32 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी करने वालों ने 1650 लोगों के ATM और पासवर्ड हासिल कर रखे थे। अगर मामले की छानबीन में जुटी नवघर पुलिस ढिलाई बरतती तो 1552 और लोगों को इसी तरह चूना लगाने की तैयारी आरोपी कर रहे थे। यह पूरा मामला महानगर मुंबई के मुलुंड इलाके से सामने आया है। यहां पुलिस ने 4 ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो ATM में स्कीमर लगाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया करते थे। पुलिस ने इनके पास से 1650 ATM पासवर्ड भी प्राप्त करे हैं। मामले में अभी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने मामले में दो रोमानियाई नागरिकों मियु अयोनेल (44), मारियन ग्रामा (44) के साथ गणेश शिंदे (36) और पुंडलिक हडकर (24) नाम के आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। मुलुंड इलाके में स्थित कोटक महिंद्रा बैंक के ATM इस्तेमाल करने वाले करीब 100 लोगों के खातों से उत्तर प्रदेश और दिल्ली के ATM से पैसे निकाल लिए गए थे। छानबीन के दौरान पुलिस को ATM में लगे CCTV में अयोनेल दिखा लेकिन उसके द्वारा किसी ATM के इस्तेमाल का रिकार्ड नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत कर उसकी पहचान निकाली। फिर मोबाइल नंबर के आधार पर उसे और दूसरे आरोपियों को दिल्ली से दबोच लिया।
नकली ATM बनाकर निकालते हैं रुपए
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने स्कीमर और CCTV लगाकर 16 सौ से ज्यादा लोगों के ATM और पासवर्ड की जानकारी हासिल कर ली थी। अगर पुलिस उन तक नहीं पहुंचती तो वे जल्द ही बाकी लोगों के भी बैंक खातों से नकली ATM बनाकर पैसे निकाल लेते। पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, सात नकली ATM और चार लाख रुपए से ज्यादा नकद बरामद किए हैं। मामले की छानबीन की जा रही है।
Created On :   31 Dec 2017 4:47 PM IST