- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- डॉक्टरों पर हो रहे हमले चिंताजनक...
डॉक्टरों पर हो रहे हमले चिंताजनक हैं : मुख्यमंत्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता दंपति डॉ अभय बंग और डॉ रानी बंग को डी. लिट पदवी से सम्मानित किया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को डी. लिट की मानद पदवी से सम्मानित किया जाता है। सह्याद्री गेस्ट हाउस में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल सी विद्यासागर राव के हाथों बंग दंपति का सम्मान किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, चिकित्सा शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन, विश्व विद्यालय के वाइस चांसलर डॉ दिलीप म्हैसकर समेत कई गणमान्य मौजूद थे।
बंग दंपति पिछले तीन दशकों से गढचिरोली के अतिदुर्गम आदिवासी इलाके में स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा कर रहे हैं। सर्च नाम की संस्था के जरिए ग्रामीण और दुर्गम इलाकों में लोगों की सेवा के लिए दंपति को सम्मानित किया गया। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य सुविधा समाज के सबे निचले तबके तक पहुंचाना बेहद जरूरी है और सरकार इसके लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ बंग दंपति के सराहनीय काम के चलते समाज में सकारात्मकता बढ़ रही है। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि डॉक्टरों पर हो रहे हमले चिंताजनक हैं लेकिन केवल रोक से कोई चीज सफल नहीं हो सकती लोगों की मानसिकता में बदलाव जरूरी है। यही काम डॉ बंग दंपति कर रहे हैं। वहीं डा अभय बंग ने कहा कि चिकित्सा की पढ़ाई के लिए अस्पताल नहीं समाज सही जगह हैं जहां काम कर डॉक्टर काफी कुछ सीख सकते हैं।
Created On :   31 July 2019 9:37 PM IST