यूपी में बैंक से लिया कर्ज लौटाने मुंबई में लूटा बैंक, हत्या के बाद आरोपी गिरफ्तार 

Bank looted in Mumbai to return loan taken from bank in UP, arrested
यूपी में बैंक से लिया कर्ज लौटाने मुंबई में लूटा बैंक, हत्या के बाद आरोपी गिरफ्तार 
दिन दहाड़े वारदात यूपी में बैंक से लिया कर्ज लौटाने मुंबई में लूटा बैंक, हत्या के बाद आरोपी गिरफ्तार 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर के दहिसर इलाके में बैंक कर्मचारी की हत्या के बाद हुई लूटपाट की गुत्थी सुलझाते मुंबई पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लूटपाट के दौरान भागते वक्त पीछे छूटी चप्पल के चलते पुलिस स्निफर डॉग की मदद से आरोपियों तक 8 घंटे के भीतर ही पहुंच गई। पुलिस ने लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद कर ली है। छानबीन में खुलासा हुआ है कि आरोपी चचेरे भाई हैं और परिवार द्वारा खेत गिरवी रखकर लिए गए 4 लाख रुपए के कर्ज की किश्त चुकाने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम धर्मेंद्र यादव (21) और विकास यादव (19) है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रवीण पडवल ने बताया कि आरोपी लंबे समय से किसी बैंक को लूटने की साजिश रच रहे थे। इसके लिए उन्होंने आसपास के इलाके के 50 बैंकों की रेकी की थी। सारे बैंक खंगालने के बाद आरोपियों ने यूट्यूब पर लूटपाट की वारदातों को देखा। इसके बाद उन्होंने बिहार से पिस्तौल खरीदी जिसे लेकर वे कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश के भदोही में रहे और बाद में असलहे के साथ वारदात को अंजाम देने मुंबई पहुंचे। 

आरोपियों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में लूटपाट आसान लगी क्योंकि वहां कोई सुरक्षारक्षक तैनात नहीं था। वारदात के समय कर्मचारी बैंक बंद करने की तैयारी कर रहे थे इसलिए सटर आधा गिरा हुआ था। बैंक में दाखिल हुए आरोपियों ने वहां मौजूद संदेश गोमरे नाम के 25 वर्षीय कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। फायरिंग में एक और कर्मचारी जख्मी है। वारदात के बाद आरोपी पैदल ही भाग निकले थे लेकिन इस दौरान एक की चप्पल बैंक के पास ही छूट गई। छानबीन में जुटी पुलिस ने कुत्ते को चप्पल सुंघाई तो कुत्ता पुलिस को रावलपाडा इलाके तक ले गया। वहां पुलिस ने लोगों को आरोपियों की तस्वीर दिखाई तो जल्द ही उनकी पहचान सामने आ गई क्योंकि वे उसी इलाके के रहने वाले थे। इसके बाद दोनों को दबोच लिया गया। लूटेरों ने बैंक से 2 लाख 70 हजार रुपए लूटे थे जिसमें से 2 लाख 5 हजार रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। 

Created On :   30 Dec 2021 2:48 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story