प्रदेश महासचिव बनने के बाद एक्शन मोड में बावनकुले, इन मुद्दों पर बीजेपी करेगी कटोरा आंदोलन

Bawankule becomes state general secretary, BJP state new executive announced
प्रदेश महासचिव बनने के बाद एक्शन मोड में बावनकुले, इन मुद्दों पर बीजेपी करेगी कटोरा आंदोलन
प्रदेश महासचिव बनने के बाद एक्शन मोड में बावनकुले, इन मुद्दों पर बीजेपी करेगी कटोरा आंदोलन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। स्थानीय निकाय संस्था व पंचायत क्षेत्रों से विकास निधि वापस ली जा रही है। बकायदा शासनादेश जारी कर निकाय संस्थाओं के बैंक खातों से रुपए लौटाने को कहा जा रहा है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने जानकारी देते हुए कहा है कि जिले से हाल ही में 25.47 करोड़ की निधि राज्य सरकार ने वापस मंगायी है। 350 करोड़ के कार्यों का कार्यादेश जारी होने के बाद भी रुपये खर्च नहीं करने दिया जा रहा है। लिहाजा राज्य सरकार के विरोध में भाजपा जिले में कटोरा आंदोलन करेगी। नागरिकों से जमा होनेवाला दान सरकार को सौंपा जाएगा। बावनकुले ने यह भी कहा है कि कोरोना संकट के नाम पर भले ही विकास निधि वापस ली जा रही है लेकिन कांग्रेस व राकांपा के विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में विशेष निधि दी जा रही है। राज्य में 60 से 70 विधायकों के क्षेत्र में विशेष निधि दी गई है।

मंत्री की कार के लिए रुपये , विकास के लिए नहीं

शनिवार को बावनकुले ने कहा कि मनपा , नगरपरिषद, नगरपंचायत, पंचायत समिति व ग्राम पंचायतों का विकास कार्य प्रभावित हो रहा है। जिला नियोजन समिति की निधि पर पहले ही रोक लगा रखी है। हिंगणा, रामटेक सहित अन्य नगरपरिषद के विकास कार्य की निधि को पहले ही रोका गया है। राज्य में मंत्री के लिए कार खरीदने के लिए रुपये मंजूर कराए जा रहे हैं लेकिन विकास कार्यों के लिए निधि नहीं दी जा रही है। जिले के तीनों मंत्रियों से निवेदन है कि वे विकास निधि वापस लेने के शासनादेश को रद्द कराएं। मंत्रिमंडल की बैठक में यह विषय रखें। राज्य सरकार के विरोध में 6 जुलाई को सुबह 10.30 बजे कटोरा आंदोलन किया जाएगा। सभी ग्राम पंचायत व पंचायत समिति स्तर पर नागरिकों से दान राशि एकत्र की जाएगी।

बिजली मामले मेें केंद्र से मदद की मांग राजनीतिक

बावनकुले ने कहा कि बिजली मामले में राहत देने के लिए केंद्र सरकार से मदद की मांग केवल राजनीतिक है। ऊर्जामंत्री डॉ.नितीन राऊत जानते हैं कि किस तरह राज्य सरकार राहत दे सकती है। 300 यूनिट प्रतिमाह के हिसाब से 3 माह की 900 यूनिट बिजली का बिल माफ किया जा सकता है। इसके लिए राज्य सरकार के बजट से सहायता ली जा सकती है। महावितरण बिजली कंपनी राज्य सरकार की है। लिहाजा बिजली राहत की उपाययोजना राज्य सरकार को ही करना होगा। देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व की भाजपा सरकार रहती तो अब तक बिजली बिल माफ हो जाते।

राज्य सरकार के कारण मुंढे विवाद

मनपा में आयुक्त तुकाराम मुंढे को लेकर विवाद पर बावनकुले ने कहा कि राज्य सरकार के कारण यह स्थिति बनी है। राज्य सरकार मनपा को विकास निधि देती तो योजनाओं को लेकर विवाद नहीं बढ़ता। उन्होंने यह भी कहा कि नगरसेवक का अायुक्त को लेकर विरोध मनपा सभागृह का मामला है , लिहाजा वे इस विषय पर अधिक नहीं बोलेंगे। लेकिन यह अवश्य कहेंगे कि सभी ने अपने अधिकार व कर्तव्य का ध्यान रखना चाहिए। पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सदस्य डॉ.िवकास महात्मे, विधानपरिषद सदस्य गिरीश व्यास, विधायक समीर मेघे, भाजपा के जिला अध्यक्ष अरविंद गजभिये , पूर्व अध्यक्ष राजीव पाेतदार, चंदन गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

जेल की स्थिति को गंभीरता से लें

नागपुर सेंट्रल जेल में कोरोना संक्रमण की स्थिति का जिक्र करते हुए विप सदस्य गिरीश व्यास ने कहा कि गृहमंत्री अनिल देशमुख इस मामले को गंभीरता से ले। आवश्यक उपाययोजना कराएं। कोरोना मामले में नागपुर जेल हाटस्पाट बन गया है। 1900 कैदी व 300 रक्षक हैं। 3200 को पैरोल दी गई है। जेल में कोरोना संक्रमण को देखते हुए बड़ा क्वारेंटाइन सेंटर बनाने की आवश्यकता है।

भाजपा की नई कार्यकारिणी की घोषणा

इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई। नई कार्यकारिणी में पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे, विनोद तावड़े और प्रकाश मेहता जैसे दिग्गजों को महत्वपूर्ण स्थान नहीं मिल पाया है। इन्हें केवल विशेष निमंत्रित सदस्य बनाया गया है। पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे को भी विशेष निमंत्रित सदस्य बनाया गया है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हुए नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी नहीं दी गई है। जबकि पूर्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले प्रदेश भाजपा के महासचिव बनाए गए हैं। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। 

ऐसी होगी कार्यकारिणी

नई कार्यकारिणी में 12 उपाध्यक्ष, 5 महासचिव, 1 महासचिव (संगठन), 12 सचिव, 1 कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं।

नई कार्यकारिणी में विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस की छाप नजर आ रही है। पाटील ने कहा कि पंकजा को पार्टी के केंद्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने वाली है। इसलिए उन्हें नई कार्यकारिणी में जिम्मेदारी नहीं दी गई है लेकिन पंकजा प्रदेश भाजपा की कोर समिति की सदस्य होंगी। देवयानी फरांदे को कार्यकारिणी में शामिल किए जाने से अब विधानसभा में भाजपा की सचेतक माधुरी मिसाल होंगी।  (पेज 5 भी पढ़ें)

प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी घोषित

ब्यूरो | मुंबई . प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर  पूर्व मंत्री राम शिंदे, पूर्व मंत्री जयकुमार रावल, पूर्व मंत्री संजय कुटे, सांसद भारती पवार, सांसद प्रीतम मुंडे, सांसद कपिल पाटील, विधायक सुरेश हलवणकर, विधायक प्रसाद लाड, माधव भंडारी, माधवी नाईक, चित्रावाघ, जय प्रकाश ठाकुर होंगे। वहीं प्रदेश भाजपा ने 6 जिलों के जिला अध्यक्ष घोषित किए हैं। भंडारा के जिला अध्यक्ष प्रदीप पडोले, गोंदिया के केशवराव मानकर, चंद्रपुर ग्रामीण के देवराव भोंगले, चंद्रपुर शहर के डॉ. मंगेश गुलवाडे, मीरा-भाईंदर के हेमंत म्हात्रे, सोलापुर ग्रामीण के श्रीकांत देशमुख जिला अध्यक्ष होंगे। 

महासचिव और सचिव 

प्रदेश भाजपा के नए महासचिव पूर्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले,  विधायक सुजितसिंह ठाकुर, विधायक देवयानी फरांदे, विधायक रवींद्र चव्हाण, श्रीकांत भारतीय होंगे। भाजपा के नए सचिव प्रमोद जठार, नागनाथ निडवदे, संजय पुराम, राजेंद्र बकाणे, धम्मपाल मेश्राम, अर्चनाताई डेहनकर, संदीप लेले, स्नेहलता कोल्हे, इद्रिस मुलतानी, अमित गोरखे होंगे। जबकि महासचिव (संगठन) विजय पुराणिक बनाए गए हैं। वहीं कोषाध्यक्ष विधायक मिहिर कोटेचा होंगे।
मोर्चा अध्यक्ष 
प्रदेश भाजपा की महिला मोर्चा अध्यक्ष उमाताई खापरे, युवा मोर्चा के अध्यक्ष विक्रांत पाटील, अनूसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष सुधाकर भालेराव, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष अशोक उईके, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष हाजी मो. एजाज देशमुख, किशान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल बोंडे, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष योगेश तिलेकर बनाए गए हैं। 

विशेष निमंत्रित सदस्य

प्रदेश कार्यकारिणी में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितीन गडकरी, देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, केंद्रीय राज्य मंत्री रावसाहब दानवे, केंद्रीय राज्य मंत्री संजय धोत्रे, सांसद नारायण राणे, पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, पूर्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री हंसराज अहिर, पूर्व उपमुख्यमंत्री विजयसिंह मोहिते पाटील, पूर्व मंत्री गणेश नाईक, गोपाल अग्रवाल, किरीट सोमैया विशेष निमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं। सोमैया अभी तक प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष थे।

मीडिया विभाग 

नई कार्यकारिणी में मीडिया प्रमुख विश्वास पाठक बनाए गए हैं। जबकि प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये होंगे। वहीं सोशल मीडिया संयोजक नाशिक के प्रवीण अलई और आई टी सेल प्रमुख मुंबई के आशिष कुलकर्णी होंगे।

5 प्रकोष्ठाें की जिम्मेदारी नागपुर के प्रतिनिधियों को

पूर्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले महामंत्री नियुक्त किए गए हैं। पूर्व महापौर अर्चना डेहनकर व नगरसेवक धर्मपाल मेश्राम मंत्री नियुक्त किए गए हैं। 18 में 5 प्रकोष्ठाें की जिम्मेदारी नागपुर के प्रतिनिधियों को मिली है। इससे कार्यकर्ताओं में खुशी है। प्रकोष्ठ संयोजकों में संजय भेंडे, कल्पना पांडे शामिल हैं। प्रदेश कार्यालय की संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालनेवालेे संजय फांजे की जिम्मेदारी कायम है।

कार्यकारिणी में स्थान मिलने को लेकर नागपुर में थी उत्सुकता

प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने नई कार्यकारिणी के विस्तार के संकेत दिए थे। लिहाजा नागपुर के नेताओं को पार्टी में स्थान मिलने को लेकर  विविध स्तर पर उत्सुकता थी। खासकर पूर्व मंत्री बावनकुले के नाम को लेकर चर्चा थी। मंत्री रहते हुए िवधानसभा चुनाव में पार्टी का टिकट पाने से चूके बावनकुले उस समय भी चर्चा में थे, जब विधान परिषद की 9 सीटों के लिए हुए चुनाव में उनका नाम दिल्ली में खारिज हो गया था। माना जा रहा था कि उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। उनके समर्थकों की उम्मीद के अनुरूप उनकी नियुक्ति हुई है। 

पूर्व महापौर डेहनकर को पहले भी मिल चुकी है प्रदेश कार्यकारिणी में जगह

पूर्व महापौर अर्चना डेहनकर पहले भी प्रदेश कार्यकारिणी में काम कर चुकी हैं। नगरसेवक धर्मपाल मेश्राम भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के शहर अध्यक्ष हैं। संजय भेंडे को सहकार सेल का संयोजक नियुक्त किया गया है। पूर्व महापौर कल्पना पांडे शिक्षक प्रकोष्ठ की संयोजक बनी हैं। शहर से मिलिंद कानडे को आर्थिक प्रकोष्ठ, शाम चांदेकर को बुनकर प्रकोष्ठ व जयसिंह चव्हाण को दिव्यांग सेल का संयोजक नियुक्त किया गया है। संजय फांजे प्रदेश कार्यालय के सहमंत्री नियुक्त हुए हैं। कार्यकारिणी सदस्यों में रामदास आंबटकर, अनिल सोले, सुधाकर कोहले, नाना शामकुले, श्रीकांत देशपांडे, अरविंद शहापुरकर, रमेश मानकर, मलिकार्जुन रेड्डी, सुधीर दिवे, नंदा जिचकार, मिलिंद माने, राजीव पोतदार शामिल हैं। 
 

Created On :   4 July 2020 2:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story