- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- किशोर तिवारी पर भड़के भाजपा विधायक,...
किशोर तिवारी पर भड़के भाजपा विधायक, अमृता फडणवीस को लेकर संघ को लिखा था पत्र

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा छोड़ शिवसेना नेता बने दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री किशोर तिवारी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लिखे पत्र पर भाजपा विधायकों सुरेश धस, मंदा म्हात्रे व भारती लवेकर ने आपत्ति जताई है। इसपर धस ने कहा कि तिवारी अपने शब्द वापस ले। शुक्रवार को विधानभवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा विधायक धस ने कहा कि अमृता फडणवीस न केवल भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी है बल्कि एक बैंक की वरिष्ठ अधिकारी भी हैं। तिवारी को उनके बारे में इस तरह के शब्द (आवरा) का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। भाजपा की महिला विधायक भारती लवेकर ने कहा कि अमृता सुशिक्षित महिला हैं। तिवारी को उनके बारे में इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए था। वे अपने शब्द वापस ले।
क्या है मामला
दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना को लेकर बयान दिया था कि ‘उन्होंने चुडिया पहनी होंगी, हमने नहीं।’ आदित्य ने फडणवीस को इसका जवाब ट्विटर पर दिया तो अमृता भी सोशल मीडिया की इस लड़ाई में कुद पड़ी और आदित्य की तुलना ‘रेशम के कीडे’ से कर दी। इसको लेकर वसंतराव नाईक स्वालंबन मिशन के अध्यक्ष किशोर तिवारी ने आरएसएस महासचिव भैयाजी जोशी को पत्र लिख कर कहा कि यदि संघ चाहता है कि भविष्य में भाजपा और शिवसेना के रिश्ते सुधरे तो फडणवीस की पत्नी अमृता संयम रखे। तिवारी ने अपने पत्र में लिखा कि अमृता का व्यवहार भारतीय राजनीति से परे हैं। देश के बड़े-बड़े नेताओं की पत्नियों ने कभी इस तरह सत्ताधारी दल की आलोचना नहीं की। ऐसा लगता है कि वे फडणवीस का स्थान लेना चाहती हैं। श्री तिवारी ने ‘दैनिक भास्कर’ से कहा कि अग्रेजी में लिखे अपने पत्र में मैंने कुछ भी आपत्तिजनक नहीं लिखा है। कुछ लोग उसका गलत अनुवाद कर विवाद पैदा कर रहे हैं।
Created On :   28 Feb 2020 5:28 PM IST