बाढ़ प्रभावितों को आर्थिक मदद के लिए 15 दिनों में होगा फैसला, एक महिने का वेतन दान देंगे भाजपा विधायक

BJP MLAs will donate one months salary to help flood victims, will deposit in CMs aid fund
बाढ़ प्रभावितों को आर्थिक मदद के लिए 15 दिनों में होगा फैसला, एक महिने का वेतन दान देंगे भाजपा विधायक
बाढ़ प्रभावितों को आर्थिक मदद के लिए 15 दिनों में होगा फैसला, एक महिने का वेतन दान देंगे भाजपा विधायक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश के आपदा प्रभावितों को आर्थिक मदद के लिए अगले 15 दिनों में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में प्रस्ताव पेश किया जाएगा। फिलहाल बाढ़ प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के नियमों के अनुसार 10 हजार रुपए की मदद की जा रही है। बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मदद व पुनर्वसन विभाग ने आपदा की स्थिति के बारे में प्रस्तुतिकरण दिया। विभाग ने बताया कि बाढ़ प्रभावित अधिकांश इलाकों में अभी पानी कम नहीं हुआ है। इस कारण आपदा प्रभावितों को पंचानाम शुरू है। इसको देखते हुए मदद व पुनर्वसन विभाग को आपदा प्रभावितों को मदद के लिए अगले 15 दिनों में मंत्रिमंडल के सामने प्रस्ताव पेश करने को कहा गया। राज्य के नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का पंचनाम पूरा नहीं हुआ है। पंचनामा पूरा होने के बाद आपदा प्रभावितों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की जाएगी। इस बीच राज्य में बाढ़ प्रभावितों इलाकों में मृतकों की संख्या बढ़कर 213 हो गई है। 52 लोग जख्मी हुए हैं। जबकि 8 लोग अब भी लापता हैं। वहीं 398 पशुओं और 60 हजार 882 पक्षियों की मौत हुई है। बाढ़ प्रभावित 8 जिलों में 4 लाख 35 हजार 879 लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया है। 
 

मदद के लिए एक महिने का वेतन दान देंगे भाजपा विधायक

भाजपा के विधायक बाढ़ प्रभावितों के लिए एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री सहायता निधि में जमा कराएंगे। बुधवार को भाजपा विधायक आशीष शेलार ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील के साथ हुई पार्टी की बैठक में यह फैसला लिया गया है। शेलार ने कहा कि राज्य में बाढ़ की परिस्थिति और सामान्य नागरिकों, व्यापारियों, किसानों और श्रमिकों का नुकसान हुआ है। इसके मद्देनजर बाढ़ प्रभावितों को मदद करने के लिए विधानमंडल के दोनों सदनों के भाजपा विधायक एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री सहायता निधि में देंगे। शेलार ने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावितों को अधिक से अधिक मदद करना चाहिए। भाजपा के विधानसभा में 106 और विधान परिषद में 23 विधायक हैं। वहीं विधानमंडल सचिवालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार  विधायकों का मूल वेतन प्रति महीने 1 लाख 82 हजार 200 रुपए है। इसके अलावा महंगाई भत्ता, फोन भत्ता, स्टेशनरी और कम्प्यूटर चालक सेवा भत्ते को मिलकर यह राशि 2 लाख 41 हजार 174 रुपए होती है। 

भाजपा के उत्तर भारतीय मोर्चा ने 1500 परिवारों को भेजा मदद सामग्री 

प्रदेश भाजपा के उत्तर भारतीय मोर्चा ने कोंकण में बाढ़ प्रभावित 1500 परिवारों के लिए मदद सामग्री भेजी है। बुधवार को भाजपा विधायक आशीष शेलार व भाजपा के राष्ट्रीय सचिव विनोद तावडे ने प्रदेश भाजपा कार्यालय से कोंकण के लिए राहत सामग्री के वाहन रवाना किया। इस मौके पर पूर्व विधायक राज पुरोहित, प्रदेश भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संजय पाण्डेय, प्रदेश भाजपा के मीडिया सह प्रभारी ओमप्रकाश चौहान आदि मौजूद थे। शेलार ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद की आवश्यकता है। पार्टी के उत्तर भारतीय मोर्चा की ओर लोगों को जीवनावश्यक वस्तुओं के अलावा घर के छप्पर, पानी की बोतलें, कपड़े और खाद्य पदार्थ भेजे गए हैं। 

Created On :   28 July 2021 2:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story