- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अब व्हीकल फैक्ट्री में बनाए जाएंगे...
अब व्हीकल फैक्ट्री में बनाए जाएंगे बुलेट प्रूफ वाहन

डिजिटल डेस्क जबलपुर। व्हीकल फैक्टरी को अब बुलैट प्रूफ व्हीकल बनाने का ऑर्डर मिलेगा। इससे पहले एक वाहन बतौर ट्रॉयल बनाकर देने की बात मास्टर जनरल आर्डिनेंस राजेन्द्र निम्बोरकर ने व्हीकल फैक्टरी दौरे के दौरान दी। उन्होंने कहा है कि सेना को इस समय बुलैट प्रूफ वाहनों की जरूरत है और व्हीएफजे ने पहले भी बुलैट प्रूफ वाहनों का निर्माण किया है। सेना को इस समय 400 बुलैट प्रूफ वाहनों की जरूरत है और उसके निर्माण का आर्डर व्हीएफजे को मिलेगा। इसके पहले व्हीकल फैक्टरी को बुलैट प्रूफ वाहनों के निर्माण की क्षमता का प्रदर्शन करना पड़ेगा।
व्हीएफजे के दौरे के दौरान मास्टर जनरल राजेन्द्र निम्बोरकर ने माइन प्रोटेक्टिव व्हीकल के निर्माण की भी प्रक्रिया देखी और कहा कि माइन प्रोटेक्टिव व्हीकल की भी सेना को जरूरत है और इसका काफी काम मिल सकता है। उन्हें जानकारी दी गई कि इस समय करीब 4 सौ माइन प्रोटेक्टिव वाहनों के निर्माण का काम किया जा रहा है। उन्हें स्टेलियन एवं लॉफ्टा वाहनों के निर्माण की प्रक्रिया से भी रू-ब-रू कराया गया। मास्टर जनरल के इस दौरे से व्हीकल फैक्टरी में आगे चलकर काम की कमी नहीं होने की उम्मीद बनी है।
आयुध निर्माणियों को बचाने तीनों महासंघों ने किया प्रदर्शन- आयुध निर्माणियों को निजीकरण एवं अस्तित्व को बचाने के लिए तीनों महासंघों ने दिल्ली जाकर प्रदर्शन कर चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही केन्द्र सरकार ने नीतियां नहीं बदली तो फिर आंदोलन तेज किया जायेगा। आईएनडीडब्ल्यूएफ, एआईडीईएफ, बीपीएमएस ने संसद मार्ग पर संयुक्त रूप से धरना दिया। इस धरने में इंटक के अरुण दुबे, जयमूर्ति मिश्रा, अनूप सीरिया, आनंद शर्मा, लाल झंडे के अशोक तिवारी, बीपीएमएस के बिहारी लाल, रामप्रवेश सिंह आदि शामिल हुए। धरना स्थल पर अशोक सिंह, श्रीनिवासन, एसएन पाठक, सी श्रीकुमार, नरेन्द्र तिवारी, साधु सिंह ने संबोधित कर सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों का विरोध किया। उक्त लोगों ने रक्षा मंत्री के कार्यालय जाकर ज्ञापन भी सौंपा।
Created On :   17 Feb 2018 3:05 PM IST