- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- नागरिकता कानून के खिलाफ तीसरे दिन...
नागरिकता कानून के खिलाफ तीसरे दिन भी मुंबई में महिलाओं का विरोध प्रदर्शन जारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ नागपाडा इलाके में महिलाओं का धरना लगातार तीसरे दिन जारी रहा। सड़क पर बैठीं महिलाएं पुलिस की कोशिशों के बावजूद सड़क से हटने को तैयार नहीं हुईं। महिलाओं का कहना था कि वे शाहीन बाग की ही तरह तब तक धरने पर बैठीं रहेंगी जब तक सरकार नागरिकता कानून वापस नहीं लेती। करीब 100 महिलाएं मुस्लिम बहुल नागपाडा इलाके में एक सड़क पर बैठी हुईं हैं जिसके चलते यातायात पर असर पड़ रहा है। महिलाएं सीएए, एनआरसी और एनपीआर का विरोध कर रहीं हैं। विरोध को तेज करने के लिए मंगलवार को कुछ लोग मुंबई के जोगेश्वरी और दूसरे इलाकों से महिलाओं से भरी एक बस लेकर पहुंचे थे। इन महिलाओं को भी विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनाने की कोशिश थी लेकिन पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। यहां धरने पर बैठी महिलाएं आसपास के इलाकों की ही हैं। प्रदर्शन में शामिल नगमा सिद्दीकी ने कहा कि धरने पर बैठी महिलाएं खाना बनाने, बच्चों को स्कूल छोड़ने जैसे रोजमर्रा के कामों के साथ विरोध प्रदर्शन के लिए भी वक्त निकाल रहीं हैं। वे किसी भी कीमत पर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
गांधी पुण्यतिथि पर रखेंगे मौन
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि यानी 30 जनवरी को हम भारत के लोग संस्था ने लोगों से सुबह 11 बजे दो मिनट का मौन रखने की अपील की है। संस्था से जुड़े फिरोज मिठीबोरवाला ने कहा कि सामाजिक सौहार्द के लिए शाम पांच बजकर 17 मिनट पर मंत्रालय के सामने बनी महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने भजन गाकर शांति का संदेश भी दिया जाएगा।
Created On :   28 Jan 2020 8:19 PM IST