महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा हो रहे सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं-बच्चों को धमकाने के मामले

Cases of bullying of women and children through social media are happening the most in Maharashtra
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा हो रहे सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं-बच्चों को धमकाने के मामले
साइबर बुलिंग महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा हो रहे सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं-बच्चों को धमकाने के मामले

डिजिटल डेस्क, मुंबई, दुष्यंत मिश्र। राज्य की महिलाएं और बच्चे साइबर स्पेश में सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ साइबर बुलिंग के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में हो रहे हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों से यह खुलासा हुआ है। साल 2021 में राज्य में सोशल मीडिया पर महिलाओं और बच्चों को परेशान करने के 487 मामले दर्ज किए गए हैं जो देशभर में हुए कुल साइबर बुलिंग के अपराधों का 41 फीसदी से ज्यादा है। बता दें कि 2021 में देशभर में साइबर बुलिंग के 1176 मामले दर्ज किए गए हैं। इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का इस्तेमाल कर दूसरों को धमकाने के मामलों को साइबर बुलिंग कहा जाता है। साइबर बुलिंग के 200 मामलों के साथ तेलंगाना दूसरे और 105 मामलों के साथ आंध्रप्रदेश तीसरे नंबर पर है। वहीं राज्य में साल 2021 में यौन उत्पीड़न के मकसद से 628 साइबर अपराध किए गए। असम के बाद महाराष्ट्र दूसरा राज्य है जहां साइबर अपराधियों का मकसद यौन उत्पीड़न था। असम में यौन उत्पीड़न के मकसद से 1147 साइबर अपराध किए गए। जबकि देशभर में यौन उत्पीड़न की कोशिश में 4555 साइबर अपराध किए  जाने के मामले दर्ज किए गए।  

साइबर ठगी में भी अव्वल

धारा 420 के तहत दर्ज किए गए साइबर ठगी के भी सबसे ज्यादा 2109 मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं जो देश में दर्ज कुल ठगी के 6343 का 33 फीसदी से ज्यादा है। वहीं ठगी के 1828 मामलों के साथ तेलंगाना दूसरे नंबर पर रहा। इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जानकारी चुराने के भी राज्य में 47 मामले दर्ज किए हैं जो तेलंगाना में दर्ज 92 मामलों के बाद दूसरे सबसे ज्यादा मामले हैं। देशभर में 2021 में डेटा चुराने के 170 मामले दर्ज किए गए। साइबर ठगी के भी महाराष्ट्र में 1678 मामले दर्ज किए गए हैं। इस मामले में भी महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर जबकि 7003 मामलों के साथ तेलंगाना पहले नंबर पर है। 

वहां घटे पर यहां बढ़े साइबर अपराध

महाराष्ट्र सबसे ज्यादा साइबर अपराध वाले चार राज्यों में महाराष्ट्र इकलौता राज्य है जहां साइबर अपराध के मामले साल दर साल बढ़ रहे हैं। 2021 में साइबर अपराध के 5562 मामलों के साथ महाराष्ट्र चौथे नंबर पर रहा जबकि साल 2019 में राज्य में साइबर अपराध के 4967 और 2020 में 5496 मामले दर्ज किए गए थे। साल 2021 में राज्य में दर्ज मामलों में से 38.4 फीसदी मामलों में ही पुलिस आरोपपत्र दायर कर पाई। वहीं पिछले सालों में दर्ज 10669 मामलों की साल 2021 के अंत तक जांच पूरी नहीं हो पाई थी। साल 2021 में देशभर में कुल 52974 साइबर अपराध के मामले दर्ज किए गए। जिनमें से सबसे ज्यादा 10303 साइबर अपराध तेलंगाना में हुए जबकि उत्तर प्रदेश में 8829 और कर्नाटक में 8136 मामले दर्ज किए गए।  
 

Created On :   1 Sep 2022 4:15 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story