- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- छग की राज्यपाल ने बोली बड़ी बात -...
छग की राज्यपाल ने बोली बड़ी बात - बंदूक से हल नहीं हो सकता नक्सलवाद

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके ने कहा कि नक्सलवाद बड़ी समस्या है। इस समस्या का समाधान मेरी पहली प्राथमिकता है। उनके अधिकार और जमीनें छीन ली गईं, जिससे उन्हें बंदूक उठानी पड़ी। अब पुलिस की बंदूक से हल नहीं हो सकता है। सुश्री उइके ने कहा कि पद संभालने के बाद वे 10-15 आदिवासी संगठन उनसे मुलाकात कर चुके हैं। अब वे खुद नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जाएंगी और ट्राइबल के जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर बातचीत से समस्या के समाधान का प्रयास करेंगी।
तीन दिनी प्रवास पर अपने गृह नगर छिंदवाड़ा आईं
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल का पद संभालने के बाद पहली बार तीन दिनी प्रवास पर अपने गृह नगर छिंदवाड़ा आईं सुश्री उइके ने यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा में यह बाते कहीं। सुश्री उइके ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित इलाकों के करीब 500 स्कूल बंद हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से चर्चा कर स्कूल शुरू कराने व स्थानीय लोगों को ही सेवाओं में प्राथमिकता देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वे पांचवी अनुसूची के तहत अधिसूचित क्षेत्रों में जाएंगी। अधिसूचित क्षेत्रों को लेकर गवर्नर को सीधे पावर होते हैं। जिसके तहत वे इस क्षेत्र के बारे में निर्णय ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी इस दिशा में काम होता तो आज ये समस्या न होती। राज्यपाल सुश्री उइके ने पिछले दिनों उनके पीएम नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात का जिक्र भी किया। कहा कि पद संभालने के बाद एक माह में अपने कामों का फीडबैक उन्होंने प्रधानमंत्री को दिया। नक्सलवाद की समस्या को लेकर भी चर्चा की। इसके समाधान के प्रयास की अपनी योजना भी बताई। साथ ही उन्हें राज्यपाल पद की बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने का कारण भी पीएम से पूछा।
अपनों के बीच सुश्री उइके ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि वे छत्तीसगढ़ की राज्यपाल हैं। कहा कि उनके जीवन के सफर में बहुत सारे उतार-चढ़ाव आए। हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य किया। आगे भी करती रहेंगी। सुश्री उइके यह भी बोलीं कि लोग कहते हैं मैं किस्मत वाली हूं, जबकि मैं कहती हूं की कर्म भी जरूरी है। मैंने छात्र राजनीति से संघर्ष की शुरूआत की। विधायक, मंत्री, राज्यसभा सांसद समेत कई संवैधानिक पदों की जिम्मेदारी संभाली।
Created On :   7 Sept 2019 2:39 PM IST