- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- खजुराहो से सतना पहुंचेंगे...
खजुराहो से सतना पहुंचेंगे मुख्यमंत्री -125 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

डिजिटल डेस्क सतना। मुख्यमंत्री कमलनाथ के सतना प्रवास का कार्यक्रम संशोधित हो गया है। अब सीएम 5 जनवरी को सुबह सवा 10 बजे राजधानी भोपाल से विशेष विमान से सुबह 11 बजे खजुराहो पहुंचेंगे। सवा 11 बजे खजुराहो से हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर 11 बज कर 40 मिनट पर यहां आएंगे और दोपहर 12 बजे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ऋण वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री कमलनाथ इसी दिन दोपहर एक बजे हेलीकाप्टर से पुन: खजुराहो के लिए प्रस्थान करेंगे। उल्लेखनीय है, इससे पहले सीएम को विशेष विमान से सीधे सतना आना था।
125 करोड़ के लोकार्पण-शिलान्यास
जानकारों ने बताया कि सतना प्रवास के दौरान सीएम कमलनाथ 5 जनवरी को यहां लगभग 125 करोड़ के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 10 करोड़ की लागत से बनकर तैयार जीएनएम कॉलेज भी शामिल है। जीएनएम कॉलेज तकरीबन 2 साल से अपने लोकार्पण की बाट जोह रहा है। इसके अलावा बन कर तैयार 9 गौशाला भी लोकार्पित की जाएंगी। बताया गया है कि सीएम कमलनाथ पीआईयू के 27 करोड़ ,आरईएस के 20 करोड़, पीडब्ल्यूडी के 20 करोड़ और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े 10 करोड़ के निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास करेंगे।
8.33 करोड़ की ऋण माफी का लक्ष्य
इसी प्रकार ,जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत जिले के सोहावल ब्लाक के 11 सौ 34 किसानों को 8 करोड़ 33 लाख 89 हजार 670 रुपए मूल्य के कर्ज मुक्ति प्रमाण पत्र प्रतीकात्मक तौर पर वितरित करेंगे। इन्हीं जानकारों के अनुसार प्रदेश के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने इस मद में राशि भी प्रदान कर दी है। उल्लेखनीय है, ऋण माफी के पहले चरण में जिले के 8 हजार 624 किसानों की 62 करोड़ 68 लाख 95 हजार 228 रुपए के ऋण माफ किए गए थे । जिले में जय किसान फसल ऋण माफी के के लिए कुल 98 हजार 771 किसानों ने आवेदन दे रखे हैं।
सरकारी तैयारियों का निरीक्षण
इसी बीच सीएम के सतना प्रवास के मद्देनजर गुरुवार को कलेक्टर डा.सतेन्द्र सिंह ने हवाई पट्टी और बीटीआई ग्राउंड में चल रही सरकारी तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संबंधितों को 4 जनवरी तक सभी तैयारियां पूरी कर लेने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की सीईओ ऋजु बाफना, नगर निगम के कमिश्नर अमनबीर सिंह ,अपर कलेक्टर आईजे खलखो, एसडीएम पीएस त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट संस्कृति शर्मा, पीडब्ल्यूडी के ईई बीके विश्वकर्मा, एमपीईबी के एसई जीके द्विवेदी, उप संचालक कृषि बीएल कुरील और डाइट के प्राचार्य नीरव दीक्षित भी साथ में थे।
Created On :   3 Jan 2020 5:35 PM IST