साथियों ने ही इनामी डकैत अर्जुन की हत्या कर दफना दिया था, क्षत विक्षत कंकाल बरामद 

Companions had killed and buried the prize dacoit Arjun, the mutilated skeleton was recovered
साथियों ने ही इनामी डकैत अर्जुन की हत्या कर दफना दिया था, क्षत विक्षत कंकाल बरामद 
साथियों ने ही इनामी डकैत अर्जुन की हत्या कर दफना दिया था, क्षत विक्षत कंकाल बरामद 

हैदराबाद से पकड़े गए गैंग मेंबर ने किया सनसनीखेज खुलासा -आरोपी के कब्जे से 3 बंदूक और 12 कारतूस बरामद
डिजिटल डेस्क सतना।
तराई में डेढ़ लाख के इनामी डकैत गौरी यादव के बाद जिस दूसरे गैंग लीडर अर्जुन सिंह परिहार को पुलिस 6 महीने से तलाश रही थी वह लगभग 5 माह से जमीन के नीचे दफन था। यह सनसनीखेज खुलासा उसके साथी राकेश सिंह उर्फ भइया पुत्र राम सिंह (24) निवासी देवली थाना बरौंधा ने पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद किया। आरोपी की निशानदेही पर ही गिरोह की 3 रायफल और 11 कारतूस भी बरामद किए गए। उक्त जानकारी देते हुए पुलिस कप्तान धर्मवीर सिंह ने बताया कि 10 हजार के इनामी डकैत अर्जुन की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुखबिरों से पता चला कि गिरोह में सरगना के साथ राकेश और कमलेश आरख नामक बदमाश हमेशा रहते हैं, मगर कई महीनों से उनकी कोई खबर नहीं है। ऐसे में जब पतासाजी कराई गई तो पता चला कि दोनों डकैत जंगल छोड़कर हैदराबाद भाग गए हैं, लिहाजा एक टीम को रवाना कर स्थानीय पुलिस की मदद से राकेश को पकड़ लिया गया।
धमकियों से परेशान होकर गैंग लीडऱ को मारा ——
आरोपी राकेश को सतना लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि अर्जुन के दबाव में आकर कमलेश के साथ उसने भी गैंग ज्वाइन किया था, लेकिन कुछ समय बाद ही दोनों ने जंगल छोड़कर लौटने का मन बना लिया, मगर जब भी इस संबंध में सरगना से बात की तो वह गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी देने लगता था। उसकी धमकियों से परेशान होकर 23 जनवरी 2021 को उत्तर प्रदेश के बांदा जिला अंतर्गत नरैनी के जंगलों में गोली मारकर हत्या कर दी और लाश को वहीं दफना दिया। इसके बाद अपनी और अर्जुन की 315 बोर की दोनों रायफलों के साथ कमलेश की 12 बोर की बंदूक व 12 जिंदा कारतूसों को जंगल में गड्ढा खोदकर दबा दिया। सरगना को निपटाने के अगले ही दिन दोनों लोग हैदराबाद रवाना हो गए, मगर 4 दिन बाद ही कमलेश वहां से सूरत निकल गया और फिर अप्रैल में वापस गांव आ गया, तब से उसके साथ कोई संपर्क नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी राकेश की निशानदेही पर तीनों बंदूकों के अलावा 12 बोर के 10 एवं 315 बोर के 2 कारतूस बरामद कर लिए। आरोपी को विशेष न्यायालय एडी के समक्ष पेश कर 4 जुलाई तक की पुलिस रिमांड मंजूर कराई गई है।
अर्जुन का कंकाल बरामद
 दस हजार के इनामी डकैत अर्जुन सिंह (50) का कंकाल उसकी हत्या के आरोपी साथी राकेश सिंह उर्फ भइया पुत्र राम सिंह की निशानदेही में शुक्रवार को पुलिस ने कालिंजर और नरैनी के बॉर्डर में देउली के जंगल से बरामद किया। जंगल में कम गहराई में लाश दफन होने की वजह से जंगली जानवरों ने शव को जमीन से निकालकर क्षत-विक्षत कर दिया था। मृतक के शरीर की हड्डियां घटनास्थल के आसपास बिखरीं थीं। कंकाल एकत्रित कराने के बाद उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से फॉरेंसिंक एक्सपर्ट बुलाए गए। पुलिस के मुताबिक कंकाल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेजा जाएगा। बरौंधा थाना प्रभारी ने बताया कि गुरुवार को आरोपी राकेश सिंह द्वारा हत्या कर लाश जंगल में दफनाने की बात बताने के बाद शुक्रवार को उसे जंगल ले जाया गया। घटनास्थल में कालिंजर थाना एवं नरैनी सीओ समेत पुलिस मौजूद रही।

Created On :   3 July 2021 7:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story