मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर असमंजस कायम, 26 जुलाई को हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य में नई सरकार बने 20 दिन से ज्यादा समय बीत गए पर अभी तक मंत्रिमंडल विस्तार का मुहुर्त नहीं निकल सका है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मंत्रियों की सूची पर हाईकमान की मुहर लगवाने दिल्ली जाएंगे। सूत्रों के अनुसार आगामी 26 अगस्त को राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि आगामी 26 अगस्त को मंत्रिमंडल विस्तार होने वाला है। सूत्रों के अनुसार पहले चरण में करीब 30 मंत्री शपथ लेंगे। इसमें भाजपा व शिंदे गुट के विधायक शामिल होंगे। उद्धव ठाकरे सरकार में शामिल शिवसेना के मंत्रियों में से 9 शिंदे के साथ हैं। समझा जा रहा है कि उन्हें फिर से मंत्री बनाया जाएगा। इनमें से ठाकरे सरकार के कुछ राज्यमंत्रियों को पदोन्नती देकर कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। भाजपा की तरफ से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील, सुधीर मुनगंटीवार, राधाकृष्ण विखेपाटील, गिरीष महाजन, जय कुमार रावल, आशिष शेलार व प्रविण दरेकर मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
Created On :   21 July 2022 9:42 PM IST