- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बीएमटीसी के पूर्व कर्मचारियों को...
Mumbai News: बीएमटीसी के पूर्व कर्मचारियों को मिलेगा 10-10 लाख रुपए का आर्थिक मुआवजा

- सिडको के 631 कर्मचारियों को मिलेगा 41 वर्षों बाद न्याय
- मिलेगा 10-10 लाख रुपए का आर्थिक मुआवजा
Mumbai News. सिडको के कार्यक्षेत्र में आने वाले बॉम्बे मेट्रोपोलिटन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (बीएमटीसी) के 631 कर्मचारियों को करीब 41 वर्षों बाद न्याय मिलने जा रहा है। दरअसल साल 1984 में बीएमटीसी बस सेवा बंद होने के बाद इसके कर्मचारी बेसहारा हो गए थे। पीड़ितों को उचित न्याय व आर्थिक मुआवजा मिले, इसके लिए कर्मचारी और विभिन्न संगठन कई वर्षों से प्रयास कर रहे थे। भाजपा विधायक विक्रांत पाटील पिछले काफी समय से नगरविकास विभाग से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। आखिरकार पाटील को इन पूर्व कर्मचारियों को न्याय दिलाने में सफलता मिल गई। बहुत जल्द इन सभी पूर्व कर्मचारियों को 10-10 लाख रुपए की मदद मिल जाएगी।
विक्रांत पाटील ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से इस प्रयास में थे कि जिन कर्मचारियों ने कई वर्षों तक बीएमटीसी में काम किया और उनका मानधन मिले। उन्होंने सिडको तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ इस मामले में फॉलो-अप किया और विशेष बैठकों के माध्यम से चर्चा भी की। पाटील ने कहा कि कुछ दिनों पहले सिडको से यह प्रस्ताव नगरविकास विभाग के पास अंतिम मंजूरी के लिए भेजा गया था। करीब 41 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अंततः 631 कर्मचारियों को प्रत्येक को 10 लाख रुपए मुआवजे के रूप में देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। पाटील ने कहा कि जिन कर्मचारियों को पहले पीएफ और ग्रेच्युटी मिल चुकी है, पहले उन्हें 10 लाख रुपए के चेक का वितरण सिडको के माध्यम से किया जाएगा, उसके बाद शेष बचे अन्य कर्मचारियों को भी जल्द मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Created On :   12 Sept 2025 9:29 PM IST