- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- दुनिया के सबसे बड़े समुद्री मेले का...
इंडिया मॅरिटाइम वीक: दुनिया के सबसे बड़े समुद्री मेले का उद्घाटन करेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन
- महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा और ओडिशा के मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद
Mumbai News. इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 की शुरुआत सोमवार से मुंबई में हो रही है। 27 से 31 अक्टूबर तक गोरेगांव स्थित नेस्को ग्राउंड में होने वाला भव्य आयोजन दुनिया का सबसे बड़ा समुद्री मेला माना जा रहा है, जिसमें समुद्री क्षेत्र से जुड़े प्रमुख हितधारक, नीति निर्माता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि एक मंच पर एकजुट होंगे। इस वर्ष की थीम “महासागरों की एकजुटता, साझा समुद्री दृष्टिकोण” है। इस अवसर पर भारत की सागरी नीति, नील (ब्लू) अर्थव्यवस्था में योगदान और वैश्विक समुद्री केंद्र बनने की दिशा में भारत की भूमिका पर चर्चा होगी। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी उपस्थित रहेंगे।
इस कार्यक्रम में 11 देशों के विदेश मंत्री अपने-अपने उद्योग प्रतिनिधिमंडलों के साथ भाग लेंगे। यह भारत के सागरी क्षेत्र में बढ़ते वैश्विक विश्वास और निवेश की रुचि का प्रतीक माना जा रहा है। इस आयोजन में 85 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और 1 लाख से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। दुनिया के शीर्ष समुद्री उद्योगपति, नीति विशेषज्ञ और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भाग लेंगी। कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में निवेश के अवसर और समुद्री क्षमता के बारे में चर्चा करेंगे। सोमवार को ही शाह मझगांव डॉक में मछुआरों को नौकाओं का वितरण भी करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का विशेष सत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अक्टूबर की शाम इस आयोजन में शामिल होंगे। वे विशेष पूर्ण सत्र में देश और दुनिया के सागरी क्षेत्र के नेताओं को संबोधित करेंगे। साथ ही वैश्विक सीईओ मंच की अध्यक्षता भी करेंगे, जिसमें विश्व की अग्रणी समुद्री कंपनियों के सीईओ उपस्थित रहेंगे। दावा है कि इस आयोजन में 10 लाख करोड़ रुपए से अधिक निवेश और 600 से अधिक करार हो सकते हैं।
Created On :   26 Oct 2025 9:56 PM IST












