- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- संजय राऊत ने कहा - एकनाथ शिंदे की...
Mumbai News: संजय राऊत ने कहा - एकनाथ शिंदे की पार्टी भाजपा का अंग वस्त्र बन चुकी है, शिंदे का दिल्ली दौरा है शुरु

- एकनाथ शिंदे की पार्टी भाजपा का अंग वस्त्र बन चुकी है
- सुप्रीम कोर्ट में पार्टी के चुनाव चिन्ह पर सुनवाई से पहले शिंदे का दिल्ली दौरा होता है तेज
- शिंदे गुट का पलटवार
Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) नेता संजय राऊत ने उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एकनाथ शिंदे के दिल्ली दौरे को लेकर जमकर हमला बोला। राऊत ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शिंदे की पार्टी अब पूरी तरह भाजपा का अंग वस्त्र बन चुकी है। राऊत ने कहा कि शिंदे की राजनीति दिल्ली से शुरू होती है और वहीं पर खत्म होती है। जब-जब सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना के चुनाव चिन्ह और पार्टी के मालिकाना हक को लेकर सुनवाई होती है, तब-तब शिंदे का दिल्ली दौरा तेज हो जाता है। उधर शिवसेना (शिंदे) ने राऊत के बयान को राजनीतिक हताशा से भरा बयान करार दिया है।
राऊत का आरोप, सुनवाई से पहले शिंदे का दिल्ली दौरा शुरू
संजय राऊत ने कहा कि जैसे ही सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना के चुनाव चिन्ह और पार्टी के हक पर सुनवाई नजदीक आती है, वैसे ही एकनाथ शिंदे का दिल्ली दौरा शुरू हो जाता है। सवाल यह है कि वे दिल्ली जाकर किसके इशारे पर बैठकें करते हैं? राऊत ने आरोप लगाया कि शिंदे गुट की हर राजनीतिक रणनीति अब दिल्ली से तय होती है। महाराष्ट्र की राजनीति पर उनका नियंत्रण नाम मात्र का रह गया है। शिंदे अब दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से चल रहे हैं। राऊत ने आगे कहा कि शिवसेना का असली वारिस महाराष्ट्र की जनता तय करेगी, न कि दिल्ली में बैठी कोई पार्टी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने पहले सहयोगियों को खत्म किया, अब वे शिंदे गुट का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
शिंदे गुट का पलटवार
वहीं शिंदे गुट ने राऊत के इस बयान को राजनीतिक हताशा बताया है। पार्टी प्रवक्ता दीपक केसरकर ने कहा कि राऊत को अदालत की प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है, इसलिए वे ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य का उपमुख्यमंत्री दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री से मुलाकात करता है तो ये राज्य के स्वाभिमान को बढ़ाने जैसा है। उन्होंने कहा कि शिंदे सरकारी कामकाज के सिलसिले में दिल्ली जाते हैं, न कि किसी के दबाव में।
Created On :   26 Oct 2025 8:27 PM IST












