Mumbai News: उड़ान भरने के बाद स्पाइसजेट के विमान का पहिया नीचे गिरा, 30 सितंबर को नवी मुंबई हवाई अड्डे का उद्घाटन

उड़ान भरने के बाद स्पाइसजेट के विमान का पहिया नीचे गिरा, 30 सितंबर को नवी मुंबई हवाई अड्डे का उद्घाटन

Mumbai News. कांडला हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद शुक्रवार को स्पाइसजेट के एक विमान का पहिया टूटकर नीचे गिर गया और विमान को मुंबई हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतारना पड़ा। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि 12 सितंबर को कांडला से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट के क्यू400 विमान का एक बाहरी पहिया रनवे पर पाया गया। इस दौरान विमान ने मुंबई की अपनी यात्रा जारी रखी और सुरक्षित रूप से वहां उतर गया। एयरलाइन ने कहा कि सफलतापूर्वक उतरने के बाद विमान टर्मिनल तक पहुंचा और सभी यात्री सामान्य रूप से उतर गए। एक क्यू400 विमान में छह टायर होते हैं। खबर लिखे जाने तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि विमान में कितने लोग सवार थे।

नवी मुंबई हवाई अड्डे का उद्घाटन 30 सितंबर को, जेट्टी से भी जोड़ा जाएगा एयरपोर्ट

नवी मुंबई हवाई अड्डे का उद्घाटन 30 सितंबर को होगा और नवंबर तक परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे के बारे में सिडको के प्रबंध निदेशक एवं उपाध्यक्ष विजय सिंघल ने कहा कि इसकी तुलना लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से की जा सकती है। सिंघल ने कहा कि नवी मुंबई हवाई अड्डे को जेट्टी से भी जोड़ा जाएगा ताकि यात्रियों को जल मार्ग से गेटवे ऑफ इंडिया या अन्य स्थानों तक पहुंचाया जा सके। योजना के अनुसार नवी मुंबई एयरपोर्ट को दक्षिण मुंबई के रेडियो क्लब जेट्टी से इलेक्ट्रिक वॉटर टैक्सी सेवा द्वारा जोड़ा जाएगा। इस सेवा का उद्देश्य मुंबई और नवी मुंबई के बीच यात्रा के समय को घटाना है जिससे एक स्थाई और तेज विकल्प मिल सके। कोच्चि की वॉटर मेट्रो से प्रेरित यह परियोजना मुंबई और अन्य प्रमुख केंद्रों को जोड़ने के लिए कई जेट्टी का उपयोग करेगी। सिडको के अधिकारी के मुताबिक इस परियोजना के तहत 8 वॉटर टैक्सी मार्ग शुरू किए जाएंगे और 15 जेट्टी बनाई जाएंगी। जिससे मुंबई, ठाणे, रायगड और पालघर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ा जाएगा।

अकासा और इंडिगो एयरलाइन शुरू करेगी उड़ान

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) से अकासा एयरलाइन और इंडिगो एयरलाइन्स वाणिज्यिक उड़ानें शुरू करेंगी। इसके लिए अकासा एयर और इंडिगो एयरलाइन ने अदानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के साथ साझेदारी की है। अकासा एयरलाइन नवी मुंबई एयरपोर्ट से 450 से अधिक उड़ाने संचालित करेगी। जबकि इंडिगो एयरलाइन 140 फ्लाइट संचालित करेगा। इसके तहत मिडिल ईस्ट और दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख बाजारों में इंटरनेशनल विस्तार को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

Created On :   12 Sept 2025 9:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story