- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मध्यप्रदेश में बनेगी कांग्रेस की...
मध्यप्रदेश में बनेगी कांग्रेस की सरकार : राज्य सभा सांसद डॉ. संजय सिंह

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। राज्यसभा सांसद डॉ. संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश और प्रदेश की जनता को झूठे सपने दिखाए थे। जनता अब उनकी हकीकत जान चुकी है। मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में जनता नरेन्द्र मोदी को भी करारा सबक सिखाएगी।
महाराणा प्रताप जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने आए डॉ. सिंह ने कहा कि देश ने कांग्रेस का 60 साल का शासन देखा है। कांग्रेस ने हमेशा जनता के हित में फैसले लिए थे। BJP की केन्द्र सरकार के चार साल के शासन में जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का दंश झेल रही है। उन्होंने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। वर्तमान सरकार ने जनता से जो वादे किए, उसे पूरा नहीं किया है।
सरकार ने 150 से अधिक घोषणाएं की थी, लेकिन अभी तक 10 फीसदी वादे भी पूरे नहीं हुए है। आरक्षण के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर श्री सिंह ने कहा कि समाज में सभी वर्गो के बीच संतुलन बनाने के लिए देश में सबसे पहले 10 साल के लिए आरक्षण की व्यवस्स्था लागू की गई थी, लेकिन लगता है कि अभी तक समाज में संतुलन की स्स्थिति नहीं बन पाई है।
योगी की लगाम दूसरे के पास
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी हताश हो गए हैं। वे उत्तरप्रदेश सरकार के मुखिया तो है, लेकिन उनकी लगाम किसी दूसरे के हाथ में है। जनता अब उनकी असलियत जान चुकी है। महाराणा प्रताप का व्यक्तित्व देश प्रेम का प्रतीक डॉ. सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का व्यक्तित्व देश प्रेम का प्रतीक है। देश प्रेम की शक्ति से ही उन्होंने अकबर की शक्तिशाली सेना से युद्ध किया। महाराणा प्रताप का नेतृत्व भी समाज के लिए संदेश है। उनकी सेना में 10 फीसदी सैनिक ही क्षत्रिय थे, शेष 90 प्रतिशत समाज के अन्य वर्गों से थे। भामाशाह भी उनमें से एक थे। इस मौके पर BJP नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, कांग्रेस नेता जगत बहादुर सिंह अन्नू और क्षत्रिय महासभा के शैलेन्द्र सिंह ठाकुर भी मौजूद थे।
Created On :   16 Jun 2018 7:55 PM IST