- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र से एक सीट के लिए हैं कई...
महाराष्ट्र से एक सीट के लिए हैं कई दावेदार, चिदंबरम की जगह किसी स्थानीय नेता को मौका देगी कांग्रेस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही दिल्ली में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। इस चुनाव में कांग्रेस में एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति है। पार्टी को महाराष्ट्र से एक सीट मिलनी तय है, लेकिन इस सीट पर दावेदारों की कतार लंबी हो गई है। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान को उम्मीदवार चुनने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। महाराष्ट्र से इस बार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी चिदंबरम रिटायर हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक चिदंबरम इस बार महाराष्ट्र की बजाय अपने गृह प्रदेश तमिलनाडु से पार्टी उम्मीदवार हो सकते हैं। लिहाजा महाराष्ट्र से चिदंबरम की जगह किसी स्थानीय नेता को उच्च सदन में भेजे जाने के पूरे आसार हैं। महाराष्ट्र से कांग्रेस कई दावेदार हैं। इनमें मुकुल वासनिक, सुशील कुमार शिंदे, अविनाश पांडे, मिलिंद देवड़ा, संजय निरूपम जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। इनके अलावा पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव शुक्ला भी महाराष्ट्र पर अपनी नजरें गड़ाए हैं, लेकिन उनकी पहली कोशिश हिमाचल प्रदेश से उम्मीदवार बनने की है। हिमाचल प्रदेश में मिलने वाली एक सीट के लिए आनंद शर्मा के साथ राजीव शुक्ला भी दौड़ में हैं। बता दें कि पूर्व में राजीव शुक्ला महाराष्ट्र से राज्यसभा में पहुंच चुके हैं।
प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले दिल्ली में
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले दिल्ली में हैं। माना जा रहा है कि पटोले राज्यसभा उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिल सकते हैं। एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव और झारखंड के प्रभारी अविनाश पांडे सोनिया गांधी से भेंट कर चुके हैं। हालांकि श्री पांडे ने बताया कि इस मुलाकात में झारखंड को लेकर बातचीत हुई है। कांग्रेस झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा की मदद से अपना एक उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। इस एक सीट के लिए पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी दौड़ में हैं।
Created On :   25 May 2022 9:14 PM IST