नए साल में कांग्रेस शुरू करेगी जनसंपर्क अभियान 

Congress will launch public relations campaign in the new year
नए साल में कांग्रेस शुरू करेगी जनसंपर्क अभियान 
नए साल में कांग्रेस शुरू करेगी जनसंपर्क अभियान 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन के बाद महाराष्ट्र के कांग्रेसियों में नई चेतना पैदा हो गई है। प्रदेश कांग्रेस की तरफ से नई साल में राज्य भर में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक जनवरी महीने के दूसरे सप्ताह में कोल्हापुर से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत होगी। इसका समापन पुणे में होगा। पार्टी ने सीधे जमीन पर उतर करके जनता तक पहुंचने की योजना बनाई है। प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचने का लक्ष्य है। इसके माध्यम से पार्टी किसान कर्ज माफी, फसलों को उचित दाम न मिलने समेत अन्य मुद्दों पर फडणवीस सरकार की नाकामी को जनता के बीच रखेगी। 

 गुजरात चुनाव में बेहतर प्रदर्शन से पार्टी में जगी नई उम्मीद 

रविवार को कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि पार्टी ने जनसंपर्क अभियान की योजना बनाई है। यह अभियान चरण बद्ध तरीके से पूरे महाराष्ट्र में होगा। पश्चिम महाराष्ट्र से इसकी शुरुआत होगी। अभियान की रूपरेखा बनाई जा रही है। बाम्बे हाईकोर्ट ने हाल ही में आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण के खिलाफ मुकदमा चलाने की राज्यपाल सी. विद्यासागर राव द्वारा सीबीआई को दी गई इजाजत रद्द कर दिया है। पार्टी इस मुद्दे को भी जनता के बीच भुनाने की कोशिश करेगी। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चव्हाण करेंगे नेतृत्व 

पार्टी के जनसंपर्क अभियान का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चव्हाण करेंगे। इस अभियान में कांग्रेस के विधायक, सांसद और पूर्व जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इस अभियान के माध्यम से पार्टी संगठन को मजबूत करने और नए लोगों को जोड़ने पर भी जोर देगी। समझा जा रहा है कि पार्टी इस अभियान के माध्यम से साल 2019 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए जमीन तैयार करेगी। ताकि चुनाव में भाजपा को कड़ी टक्कर दे जा सके। 

Created On :   24 Dec 2017 12:57 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story