- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- कन्वेयर बेल्ट में फंसने से सीमेंट...
कन्वेयर बेल्ट में फंसने से सीमेंट फैक्ट्री के ठेका श्रमिक की मौत

डिजिटल डेस्क, सतना। मैहर सीमेंट फैक्ट्री में फिर एक मजदूर हादसे का शिकार हो गया। इस बार भदनपुर माइंस में कार्यरत ठेका श्रमिक की कन्वेयर बेल्ट में फंसने से जान चली गई। इस घटना के बाद प्रबंधन द्वारा लापरवाही किए जाने का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजन व सहयोगी कर्मचारियों ने फैक्ट्री गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किया, तब जाकर फैक्ट्री के अधिकारियों ने आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिखित समझौते पर हस्ताक्षर किया।
भदनपुर खदान में मेसर्स प्रकाश इंटर प्राइजेज का कर्मचारी था
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राजेश सेन पुत्र रामपाल 32 वर्ष निवासी सोनवारी विगत कई सालों से मैहर सीमेंट फैक्ट्री की भदनपुर खदान में मेसर्स प्रकाश इंटर प्राइजेज के अधीन कार्यरत था। जहां गुरुवार रात तकरीबन ढाई बजे कन्वेयर बेल्ट में फंसने से बुरी तरह घायल हो गया। जिसे फैक्ट्री के एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल लाया गया पर डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। तब उसकी लाश को अस्पताल में छोड़कर गार्ड चंपत हो गए।
गेट पर शव रखकर किया प्रदर्शन
लगभग 1 घंटे बाद किसी ने मृतक के चाचा राजू सेन को खबर दी तो वह परिजनों के साथ अस्पताल आए और निजी वाहन से राजेश का शव लेकर फैक्ट्री गेट पहुंचे। यहां पर शव रखकर प्रदर्शन करते हुए माइंस के अधिकारियों पर कार्यवाही करने, मृतक के एक परिजन को नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग करने लगे। साढ़े 4 घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप से फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारियों व ठेकेदार ने श्रमिक की पत्नी को 2 लाख की नगद सहायता के अलावा 9 लाख का चेक और श्रम न्यायालय के नियमानुसार 6 लाख रुपए दिलाने के लिखित समझौते पर हस्ताक्षर किया। इसके पश्चात ही आक्रोशित श्रमिकों व परिजन का गुस्सा शांत हुआ और शव को गेट से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ले आए। इस मामले में बदेरा पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
Created On :   12 April 2019 7:29 PM IST