बारात घर में हो रहा था लोगों की जान से खिलवाड़, निगम ने किया सीज 

Corporation seized a marriage hall due to disobedience in rule
बारात घर में हो रहा था लोगों की जान से खिलवाड़, निगम ने किया सीज 
बारात घर में हो रहा था लोगों की जान से खिलवाड़, निगम ने किया सीज 

डिजिटल डेस्क, सतना। नगर निगम आयुक्त के निर्देशानुसार यहां खेरमाई मार्ग स्थित एके बारात घर को सुरक्षा से संबंधित नियमों का पालन नहीं किए जाने के आरोपों के तहत ताला लगाकर सीज कर दिया गया है। इसके अलावा स्वच्छता से संबंधित मानकों का उल्लंघन किए जाने के आरोपों के तहत एक अन्य कार्रवाई करते हुए उसके ऊपर 54 हजार 500 रुपए का जुर्माना भी किया गया है। 

लोगों की जान से खिलवाड़
नगर निगम के आधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शगुन वेला पैलेस में सुरक्षा प्रबंधों की जांच की गई थी, जिसमें फायर एक्यूपमेंट एक्सपायरी डेट के पाए गए। सुरक्षा के अन्य प्रावधानिक इंतजाम नहीं थे। इसके अलावा फायर एक्यूपमेंट लगवाने के संबंध में नगर निगम से आवश्यक एनओसी भी नहीं ली गई। जिसके बाद निगमायुक्त के निर्देशानुसार उपायुक्त सविता प्रधान ने मातहतों के साथ मौके पर जाकर उक्त पैलेस में प्रात: लगभग 11 बजे सीज करवाए जाने की कार्रवाही की गई।

जानकार सूत्रों की मानें तो सुरक्षा मानकों का कथित उल्लंघन किए जाने पर शहर में किसी भी बारात घर के खिलाफ नगर निगम द्वारा इतनी सख्त कार्रवाई पहली मर्तबा की गई है। इतना ही नहीं स्वच्छता से संबंधित नियमों को उल्लंघन किए जाने पर भी उक्त पैलेस के संचालकों के ऊपर लगाई अब तक की सबसे ज्यादा पैनाल्टी नगर निगम द्वारा लगाई गई है। 

अभी तो यह शुरूआत है
शगुन पैलेस में की गई उक्त कार्रवाही का नेतृत्व जहां उपायुक्त सविता प्रधान ने किया। वहीं उनके साथ मौके पर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी बृजेश मिश्रा, अतिक्रमण प्रभारी अनिल श्रीवास्तव, संपत्तिकर प्रभारी दिनेश त्रिपाठी, फायर ब्रिग्रड के प्रभारी आरपी सिंह एवं अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। सूत्रों की मानें तो इसके पहले गत सोमवार को उक्त बारात घर के संचालकों को नगर निगम द्वारा संपत्ति कर जमा न करने पर भी नोटिस दी गई थी। जिसके तहत उन्होंने नगर निगम को बकाया संपत्ति कर का भुगतान भी कर दिया गया था। इसके बाद स्वच्छता नियमों के तहत अधिरोपित राशि का भी संबंधितों द्वारा मंगलवार को कर दिए जाने के बावजूद उक्त कार्रवाही की गई है।

नगर निगम के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो शहर में संचालित कुछ अन्य बारात घरों के खिलाफ भी आगामी कुछ दिनों में शगुन पैलेस की तर्ज पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने पर सख्त कार्रवाही की जा सकती है। जिसकी शुरूआत मंगलवार से कर दी गई है।

इनका कहना है
नियमानुसार आवश्यक सुरक्षा प्रबंध नहीं होने के कारण शगुन पैलेस को नगर निगम द्वारा सीज किया गया। जो फायर एक्यूपमेंट लगे थे, वह एक्सपायरी डेट के हो चुके हैं। इन्हें लगवाए जाने के लिए उक्त बारात घर के संचालक के पास एनओसी भी नहीं है। अन्य बारात घरों की भी जांच करवाई जाकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, लेकिन किसी को भी आम जनमानस और शहर की सुरक्षा के साथ खिलावाड़ करने की छूट नहीं दी जाएगी। 
सविता प्रधान उपायुक्त, नगर निगम
 

Created On :   22 May 2019 1:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story