- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- यूपी बार्डर पर डकैतों की गतिविधियां...
यूपी बार्डर पर डकैतों की गतिविधियां बढ़ीं, पुलिस की सर्चिंग जारी

डिजिटल डेस्क सतना। रीवा जिले के डभौरा क्षेत्र में एक के बाद एक अपहरण की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की नाक में दम कर चुके डकैत रजवा यादव को घेरने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन छेड़ दिया गया है। आईजी अंशुमान यादव के निर्देश पर रीवा के साथ ही सतना पुलिस ने भी तराई में मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस कप्तान राजेश हिंगणकर के निर्देश पर नयागांव, बरौंधा, मझगवां, धारकुंडी व सभापुर के थाना प्रभारी अपनी-अपनी टीम के साथ निरंतर सर्चिंग कर रहे हैं। शनिवार को धानकुंडी थाना प्रभारी एएल सिंह ने दल-बल के साथ कल्याणपुर से लेकर बेधक जंगल तक मैराथन सर्चिंग की। आशंका जताई जा रही है कि रीवा पुलिस के दबाव से बचने के लिए रजवा गैंग शार्टकट लेकर सतना की सीमा में प्रवेश कर सकता है। इसी आशंका को देखते हुए मझगवां टीआई खेम सिंह ने भी सीमावर्ती क्षेत्र में सघन सर्चिंग की। दूसरी तरफ सवा लाख के इनामी गौरी यादव की हलचल ने भी तराई में रहने वालों के बीच खौफ का वातावरण बना रखा है। इस लिहाज से भी सतना पुलिस ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं।
डभौरा क्षेत्र में फैला रखी है दहशत
गौरतलब है कि जेल में बंद खूंखार डकैत गोप्पा यादव के भांजे रजवा ने अपने साथियों को लेकर बीते माह डभौरा के जंगल से रिटायर्ड रेंजर व किराना व्यापारी का अपहरण कर फिरौती में मोटी रकम हासिल कर ली थी। इसी गैंग ने पड़ोसी जिले चित्रकूट में अपने मामा के विरोधी किसान को दिन-दहाड़े गोलियों से उड़ा दिया था। वहीं दोनों राज्यों की पुलिस इस गैंग को घेरने में हर बार नाकाम रही है।
गुरगुदा जंगल में वैद्य को छोड़ा
इसी नाकामी का फायदा उठाकर रजवा गैंग ने 29 नवम्बर को जंगल में जड़ीबूटी एकत्र करने गए वैद्य राम सिंह हल्दीवाड़ी को अगवा कर लिया था। डकैतों ने उनके कर्मचारी को संदेश देने के लिए छोड़ दिया था, साथ ही अपहृत के मोबाइल से उसके घर वालों को फोन कर फिरौती की मांग की थी। इस वारदात की खबर लगने पर रीवा पुलिस ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन छेड़ दिया था। पुलिस की कोशिशों के बीच शुक्रवार सुबह डकैतों ने राम सिंह को गुरगुदा जंगल में छोड़ दिया, जिस पर अधिकारियों ने दावा किया कि घेराबंदी से घबरा कर बदमाश भाग निकले। वहीं सूत्रों की मानें तो अपहृत को फिरौती मिलने के बाद रिहा किया गया। डकैतों के चंगुल से छूटे राम सिंह से रीवा एसपी ललित शाक्यवार, एएसपी आशुतोष गुप्ता, एसडीओपी डभौरा व अन्य अधिकारियों ने घंटों तक पूछतांछ की।

Created On :   4 Dec 2017 1:22 PM IST