- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- जीआरपी के हेड कांस्टेबल की लू लगने...
जीआरपी के हेड कांस्टेबल की लू लगने से मौत, घर पर मिली लाश

डिजिटल डेस्क, सतना। आग उगलती गर्मी ने हर किसी को बेहाल कर रखा है। उछाल मारते पारे का कहर कई जिंदगियों पर भारी पड़ चुका है। इन विपरीत हालातों में भी सरकारी कर्मचारी खासकर पुलिस का मैदानी अमला ड्यूटी पर रहता है। ऐसे ही एक पुलिसकर्मी की लू लगने से मौत हो गई जो सतना निवासी विनोद सिंह ग्वालियर जीआरपी में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत थे। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 55 वर्षीय विनोद सिंह को दो दिन पूर्व ड्यूटी पर लू लग गई थी, तब उन्हें सहयोगी स्टॉफ ने आरोग्यधाम अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के बाद श्री सिंह सरकारी आवास पर आराम कर रहे थे। इस दौरान उनका परिवार साथ में नहीं था।
ग्वालियर भेजा गया शव
बुधवार देर रात जब जीआरपी के हेड कॉन्स्टेबल विनय सिंह उनके लिए खाना लेकर पहुंचे तो उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद पाया। आवाज देने के बावजूद जब विनोद सिंह ने दरवाजा नहीं खोला तो विनय ने जीआरपी अफसरों को इसकी सूचना दी। लिहाजा टीआई अजीत सिंह चौहान सहित आला अधिकारी रेलवे क्वार्टर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, जहां पलंग पर प्रधान आरक्षक विनोद सिंह बेहोश पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह सूचना सतना श्री सिंह के परिजन को फोन पर दी गई तो घर के लोग ग्वालियर के रवाना हो गए।
बालिका से दुष्कर्म की कोशिश,आरोपी गिरफ्तार
सभापुर थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने कायमी कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 9 बजे 10 वर्षीय बालिका घर के पास खेल रही थी तभी आरोपी नारेन्द्र आदिवासी पुत्र विश्वनाथ 21 वर्ष ने उसे पकड़ लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर ज्यादती की कोशिश करने लगा। इसी बीच पीडि़ता की मां उसे खोजते हुए मौके पर आ गई,जिसको देखकर आरोपी भाग निकला। तब पीड़िता ने मां से आरोपी की करतूत बताई तो महिला उसे घर ले गई और पति को अवगत कराते हुए शाम को बेटी के साथ थाने पहुंच गई। जहां बयान के आधार पर आईपीसी की धारा 376, 511 और पाक्सो एक्ट के तहत कायमी की गई। साथ ही दबिश देकर देर रात आरोपी को दबोच लिया गया जिसे गुरुवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया।
Created On :   6 Jun 2019 10:43 PM IST