मुख्यमंत्री बनने के बाद उपमुख्यमंत्री बनने वाले चौथे नेता हैं फडणवीस, देवेंद्र बने आठवें उप मुख्यमंत्री 

Devendra becomes the eighth Deputy Chief Minister of Maharashtra
मुख्यमंत्री बनने के बाद उपमुख्यमंत्री बनने वाले चौथे नेता हैं फडणवीस, देवेंद्र बने आठवें उप मुख्यमंत्री 
महाराष्ट्र मुख्यमंत्री बनने के बाद उपमुख्यमंत्री बनने वाले चौथे नेता हैं फडणवीस, देवेंद्र बने आठवें उप मुख्यमंत्री 

डिजिटल डेस्क, मुंबई, अमित कुमार। तीन दलों की महाविकास आघाड़ी सरकार के तख्त को पलटने वाले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीसके करिश्माई नेतृत्व के बदौलत भाजपा को महाराष्ट्र में तीसरी बार सत्ता का स्वाद चखने का मौका मिला है।लेकिन इसके साथ ही महाराष्ट्र में भाजपा को दूसरी बार उपमुख्यमंत्री पद मिला है। दो बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके फडणवीस भाजपा- शिवसेना के शिंदे गुट की नई सरकार में उपमुख्यमंत्री बने हैं। फडणवीस पूर्व मुख्यमंत्री शिवाजी राव निलंगेकर, नारायण राणे और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के बाद तीसरे ऐसे पूर्व मुख्यमंत्री हैं जो किसी सरकार में कैबिनेट मंत्री बने हैं। फडणवीस के पास शिंदे सरकार में उपमुख्यमंत्री पद का प्रभार होगा।समझा जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री के रुप में फडणवीस को महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी  जा सकती है। इसके पहले साल 1995 में शिवसेना-भाजपा युति सरकार में गोपीनाथ मुंडे उपमुख्यमंत्री बने थे। उस समय भाजपा पहली बार राज्य में सत्ता में आई थी। इसके बाद साल 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा दूसरी बार सत्ता में लौटी थी। तब फडणवीस भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने थे। साल 2019 के विधानसभा चुनाव बाद फडणवीस ने राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। हालांकि अजित पवार के समर्थन वापसी के कारण फडणवीस केवल 80 घंटे ही मुख्यमंत्री पद पर रह पाए थे। नवंबर 2019 में शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस तीन दलों की महाविकास आघाड़ी सरकार बनने के बाद फडणवीस विधानसभा में विपक्ष के नेता पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। ढाई सालों से विपक्ष में रहने के दौरान फडणवीस ने कई बार यह साबित किया है कि उनकी प्रशासन पर मजबूत पकड़ बनी हुई है। अब राज्य की नई सरकार में फडणवीस उपमुख्यमंत्री पद संभालेंगे। 

महाराष्ट्र के अब तक के उपमुख्यमंत्री 

फडणवीस से पहले महाराष्ट्र में सात उपमुख्यमंत्री बने हैं। लेकिन उपमुख्यमंत्री पद पर सबसे अधिक रिकार्ड चार बार रहने का मौका अजित पवार को मिला है। राज्य के पहले उपमुख्यमंत्री नासिकराव तिरपुडे थे। तिरपुडे 5 मार्च 1978 से 18 जुलाई 1978 तक उपमुख्यमंत्री थे। रामराव आदिक 2 फरवरी 1983 से 5 मार्च 1985 तक उपमुख्यमंत्री थे। गोपीनाथ मुंडे 14 मार्च 1995 से 11 अक्टूबर 1999 तक उपमुख्यमंत्री थे। छगन भुजबल ने 18 अक्टूबर 1999 से 23 दिसंबर 2003 तक उपमुख्यमंत्री पद की कमान संभाली। इसके बाद भुजबल दो बार 8 दिसंबर 2008 से 26 अक्टूबर 2009 और 7 नवंबर 2009 से 10 नवंबर 2010 तक उपमुख्यमंत्री थे। विजय सिंह मोहिते पाटील 27 दिसंबर 2003 से 19 अक्टूबर 2004 तक उपमुख्यमंत्री पद पर कार्यरत थे। आर आर पाटील 1 नवंबर 2004 से 7 दिसंबर 2008 तक उपमुख्यमंत्री थे। अजित पवार ने पहली बार 11 नवंबर 2010 से 25 सितंबर 2021 तक उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद अजित दूसरी बार 25 अक्टूबर 2012 से 27 सितंबर 2014, तीसरी बार 23 नवंबर 2019 से 26 नवंबर 2019 और चौथी बार 30 दिसंबर 2019 से लेकर 29 जून 2022 तक उपमुख्यमंत्री पद पर कार्यरत थे। 

राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्रियों के नाम 

नासिकराव तिरपुडे 
रामराव आदिक 
गोपीनाथ मुंडे 
छगन भुजबल
विजय सिंह मोहिते पाटील
आर आर पाटील
अजित पवार 
देवेंद्र फडणवीस 
 

Created On :   30 Jun 2022 8:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story