आपस में भिड़े NSUI नेता, गैंगवार से इलाके के लोगों में दहशत

Dispute between 2 groups of youth congress, fierce firing
आपस में भिड़े NSUI नेता, गैंगवार से इलाके के लोगों में दहशत
आपस में भिड़े NSUI नेता, गैंगवार से इलाके के लोगों में दहशत

डिजिटल डेस्क जबलपुर ।ओमती थाना अंतर्गत पुल नंबर-2 के पास रविवार देर रात 2.30 बजे गैंगवार हो गया। कार सवार बदमाशों ने एक कार पर पांच-छह राउंड गोलियां चलाईं। बदमाश इतने बेखौफ थे कि उन्होंने पुलिस वाहन पर भी फायरिंग कर दी। फायरिंग से बचकर भाग रहे युवकों की कार कलेक्ट्रेट के पास डिवाइडर से टकरा गई। घटना के बाद शहर में हड़कंप का माहौल बन गया। पुलिस ने सक्षम गुलाटी, छोटू चौबे एवं अन्य युवकों के खिलाफ धारा 307 का प्रकरण दर्ज किया है।
थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि बड़ी ओमती निवासी फैजान खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह रविवार रात कार से अपने दोस्त अनीष के साथ शादी में शामिल होने फूटाताल गया था। वहां पर उसे इमरान बाबर अपने 8-10 साथियों के साथ मिला। इमरान ने कहा कि चलो सदर घूमने जाते हैं। इमरान बाइक में अपने दोस्तों के साथ रवाना हुआ। वह पीछे से कार से जा रहा था। जैसे ही वे पुल नंबर-2 के पास पहुंचे, पीछे से एक सफेद रंग की स्कार्पियो और एक अन्य कार में कुछ युवक आए। स्कार्पियो कार में सवार युवकों ने उसकी कार पर पांच-छह फायर किए। इससे उसकी कार का कांच टूट गया। फायरिंग होते ही युवकों में भगदड़ की स्थिति मच गई। जिसको जहां जगह मिली, वो अपनी जान बचाकर भागा।
पहले सदर में हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात 11 बजे एनएसयूआई के इमरान बाबर और सक्षम गुलाटी के बीच सदर में विवाद हुआ था। विवाद की वजह पोस्टर में नाम आगे-पीछे होना था। इस बात को लेकर इमरान और सक्षम गुलाटी के बीच पहले गाली-गलौज हुई। इसके बाद मारपीट हो गई। इमरान बाबर ने अपने साथियों के साथ मिलकर सक्षम गुलाटी की कार का कांच तोड़ दिया। सक्षम ने कार का कांच तोडऩे की शिकायत केन्ट थाने में की थी।
स्कार्पियो से बाइक को टक्कर मारी
फायरिंग के बाद स्कार्पियो सवार बदमाशों ने बाइक में सवार भानतलैया निवासी सलीम और अनिकेत को टक्कर मार दी। स्कार्पियो की टक्कर लगने से बाइक सवार डिवाइडर से टकरा गए। इस दुर्घटना में सलीम को सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। सलीम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिवाइडर से टकराकर पलटी कार- फायरिंग से बचकर भाग रहे कार सवार युवकों की कार कलेक्ट्रेट के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसके बाद फैजान खान, अनीष, सनी और कपिल जान बचाने के लिए कलेक्ट्रेट के भीतर घुस गए। कार पलटने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल से बरामद हुए कारतूस- पुलिस और एफएसएल की टीम ने सुबह पुल नंबर-2 के समीप स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को घटनास्थल से चले हुए कारतूस के खोखे मिले हैं। एफएसएल की टीम ने उस कार का भी निरीक्षण किया, जिस पर फायर किए गए थे। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।  
इनका कहना है
पुल नंबर दो के पास देर रात स्कार्पियो सवार युवकों ने कार सवार युवकों पर फायरिंग की है। इस मामले में धारा 307 का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
-शशिकांत शुक्ला, एसपी

 

Created On :   26 Dec 2017 1:15 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story