डॉ. पेडणेकर होंगे मुंबई विश्वविद्यालय के नए कुलपति    

डॉ. पेडणेकर होंगे मुंबई विश्वविद्यालय के नए कुलपति    
डॉ. पेडणेकर होंगे मुंबई विश्वविद्यालय के नए कुलपति    

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई विश्वविद्यालय के नए कुलपति डॉ. सुहास पेडणेकर होंगे। राज्यपाल व कुलाधिपति सी. विद्यासागर राव ने मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति के पद पर पेडणेकर की नियुक्ति की। शुक्रवार को राज्यपाल ने पेडणेकर को राजभवन में नियुक्ति पत्र सौंपा। पेडणेकर अब तक रसायन विज्ञान के प्रोफेसर और मुंबई के रामनारायण रुइया स्वायत्त कॉलेज के प्रिंसिपल के रूप में कार्यरत थे। पेडणेकर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि फिलहाल विद्यार्थियों की परीक्षा चल रही है। परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करना मेरी प्राथमिकता होगी। पेडणेकर कुलपति का पदभार स्वीकारने के बाद पांच साल या फिर 65 वर्ष पूर्ण होने तक पद पर बने रहेंगे।

उत्तर पुस्तिका जांचने में हुई देरी से परेशान हुए थे स्टूडेंट्स
पिछले साल ऑनलाइन उत्तर पुस्तिका जांचने में हुई देरी के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानी हुई थी और परीक्षा परिणाम विलंब से आया था। इसके मद्देनजर मुंबई विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलपति डॉ. संजय देशमुख को 24 अक्टूबर को कार्यमुक्त कर दिया गया था। इसके बाद से कोल्हापुर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. देवानंद शिंदे को मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। मुंबई विश्विद्यालय के नए कुलपति के चयन के लिए राज्यपाल ने इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ के. कस्तुरीरंगन की अध्यक्षता में समिति गठित की थी।

आदित्य ठाकरे ने पेडणेकर को बधाई दी
इधर, मुंबई विश्वविद्यालय के नए कुलपति पद पर नियुक्ति के बाद युवा सेना अध्यक्ष आदित्य ठाकरे ने पेडणेकर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कुलपति के चयन के बाद अब मुंबई विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति, परीक्षा नियंत्रक और रजिस्ट्रार के रिक्त पदों पर भी जल्द नियुक्ति की जाना चाहिए।  
 

Created On :   27 April 2018 6:29 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story